FARAH-राधाकृष्ण स्वरुपों और नृत्य से दर्शक हुये मंत्रमुग्ध,थाने वाले शिवमन्दिर में जन्माष्टमी महोत्सव का हुआ आयोजन

फरह। कस्बा फरह में पहली बार आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में राधाकृष्ण के स्वरुपों ने सभी का मन मोह लिया। सभी स्वरुपों को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे साक्षात् भगवान श्री कृष्ण धरती पर महारास करने उतरे हैं।
दर्शक राधाकृष्ण स्वरुप के छोटे बच्चों और उसके बाद राधाकृष्ण नृत्य को देखकर कृष्णभक्ति में खो गये।


श्री भोले बाबा सेवा समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव का आयोजन श्री शिव मन्दिर, थाना फरह पर आयोजित
किया गया था। महोत्सव की शुरुआत धाम के निदेशक श्री राजेन्द्र प्रसाद ने दीपप्रज्जलन के साथ की। उसके बाद 5 वर्ष तक के बच्चों की बालकृष्ण स्वरुप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 20 बच्चों ने भाग लिया।

जिसमें प्रथम स्थान पर शिवांग सिंघल दूसरे पर माना गुप्ता और तीसरे पर नभ यादव रहे। सभी बच्चों को निदेशक राजेन्द्र प्रसाद व चेयरमैन कृष्णकान्त पचौरी और ओमप्रकाश शर्मा ने पुरस्कृत किया। उसके बाद 12 साल तक
के बच्चों की राधाकृष्ण नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों की प्रतिभा को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये। इस प्रतियोगिता के दो राउंड करवाये गये। दोनों रांउड के बाद इशी झा और तन्वी को प्रथम, कशिश और वैष्णवी
को द्वितीय और शैली सोनी और रिया को तृतीय स्थान पर चुना गया।

अन्य सभी बच्चों को भी सात्वंना पुरस्कार प्रदान किये गये। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रेखा पचौरी रही। समिति के अध्यक्ष रामभरोसी सिंघल ने भी सेवा समिति के सभी सदस्यों को सफल आयोजन की बधाई दी। निर्णायक मण्डल में मातृमण्डल सेवा भारती की क्षेत्रीय बौद्धिक प्रमुख रीना जी, जिलाअध्यक्ष कमलेश चौहान, महामंत्री पूनम गर्ग, प्रवक्ता राधिका मौर्या और किशोरी विकास केन्द्र की पूनम ने अपना योगदान दिया।

इस तरह के मनमोहक कार्यक्रम के लिये सभी ने श्री भोलेबाबा सेवा समिति का आभार प्रकट किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*