रिफायनरी।उद्यमियों की सतर्कता से दो चोर दबोचे,पुलिस के हवाले

मथुरा/रिफायनरी।देवेन्द्र गोस्वामी, डीडीयू न्यूज़ 

 

 

 

 

 

 

 

 

साइट-बी औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान उद्यमियों ने गुरुवार को बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए दो संदिग्ध चोरों को पकड़कर थाना रिफाइनरी पुलिस के हवाले कर दिया।

पिछले कई दिनों से औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों के किनारे पर्यावरण संरक्षण हेतु लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए स्थापित लोहे के ट्री-गार्ड, स्ट्रीट लाइटों के उपकरण तथा तिरंगा पार्क में लगी प्रकाश व्यवस्था की लगातार चोरी की जा रही थी। इन घटनाओं से क्षेत्र के उद्यमियों में भारी रोष व्याप्त था तथा सार्वजनिक संपत्तियों को लगातार नुकसान पहुंच रहा था।
गुरुवार को उद्यमियों की सतर्क निगरानी के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम सोनू निवासी धनतेजा, जनपद मथुरा बताया, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सकी थी। दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़कर थाना रिफाइनरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रिफाइनरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने इस संबंध में थाना रिफाइनरी एवं वन विभाग को लिखित सूचना प्रेषित की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे चोरी गिरोह का खुलासा किया जाए तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी पर्दाफाश किया जाए।
श्री अग्रवाल ने थाना प्रभारी रिफाइनरी से औद्योगिक क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे उद्यमियों एवं श्रमिकों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर अनियंत्रित रूप से खड़े रहने वाले तेल एवं बिटुमिन टैंकरों के विरुद्ध भी अभियान चलाकर चालान किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनेक टैंकर चालक मुख्य मार्गों एवं सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है तथा उद्योगों में आने-जाने वाले वाहनों एवं उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है।
रिफाइनरी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा अतिक्रमण एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुचारु कार्य वातावरण बना रहे।

थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया रात्रि में संदिग्ध होने की सूचना पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।फैक्ट्रियों के  सामने पड़े लोहे लंगड़ चोरी किया करते हैं बाकी जानकारी की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*