आंखों में लाल पाउडर झोंक बैंक मित्र से लूट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार,तमंचा और नगदी बरामद

मथुरा के थाना फरह क्षेत्र में बैंक मित्र से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से नगदी, तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार गांव परखम स्थित भारतीय स्टेट बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे बैंक मित्र रामरज को गौशाला मार्ग स्थित नहर के पास बदमाशों ने घेर लिया। आरोपियों ने उसकी आंखों में लाल पाउडर झोंक दिया और बैग में रखे करीब 75 हजार रुपये, जरूरी दस्तावेज व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी।

घटना के बाद फरह पुलिस ने लगातार दबिश और जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुवनेश पुत्र भजनलाल, अंकित पुत्र छदामी, पवन पुत्र बाचाराम निवासी समोगर थाना बमरौली कटरा आगरा तथा संजू उर्फ संजय पुत्र लक्ष्मण निवासी झुड़ावई थाना फरह के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 55 हजार रुपये नगद, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वहीं सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*