– कोलकाता से आ रहे कागज से भरे कन्टेनर में महुअन टोल के पास अचानक लगी आग
– यदि टोल पर वाहन रूक जाता तो बडा हादसा हो सकता था

————————–
न्यूज डेस्क। पीडीयू समाचार
—————————
फरह। आग से जलते कन्टेनर को चालक आबादी से दूर दो किलोमीटर दूर तक खींच ले गया। कुरकन्दा के समीप उसे खडा किया। लेकिन तब तक कन्टेनर जलकर खाक हो गया था। पांच दमकलों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद भी आग शाम तक सुलगती रही।
नागालैण्ड नम्बर का एक कन्टेनर सोमवार को कोलकाता से रूग्ण कागज भरकर हरियाणा स्थित वैंचर खिरकी दौला कम्पनी जा रहा था। दोपहर दो बजे जैसे ही कन्टेनर ने फरह पास किया । कन्टेनर में अचानक आग लग गई। कागज होने के कारण आग और तेज हो गई। चालक कानपुर निवासी धीरज शर्मा पुत्र जितेन्द्र को बैक मिरर में आग की लपटे उठती दिखीं तो उसके होश फाख्ता हो गए। लेकिन उसने धैर्य से काम लिया। क्यों कि टोल पर काफी वाहन खडे रहते हैं। इसके अलावा टोल के पास काफी संख्या में लकडी के खोखों की दुकानें है। छोटीसी आग की चिंगारी तबाही मचा सकती थी। चालक ने कन्टेनर की गति तीव्र कर दी और दो किलोमीटर दूर उसे कुरकन्दा के पास रोका। तुरन्त दमकलों को काॅल किया। लेकिन तब तक वह जलकर खाक हो चुका था। इसके बाद भी पांच दमकलें आग पर काबू पाने में लगीं रही। एक घंटे के बाद आग की लपटें शांत हुईं। लेकिन देर शाम तक फिर आग सुलगती रही।






