मथुरा।देवेन्द्र गोस्वामी

14 फरवरी को 16वीं वाहिनी के प्रांगण में नितिन कुमार, कमाण्डेन्ट 16 बटालियन सी०आर०पी०एफ० के निर्देशन में पुलवामा हमले के शहीदों की स्मृति में श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। विदित हो कि दिनांक 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में हमारे बहादुर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। इस हमले में देश ने अपने वीर सपूतों को खोया, जिनका साहस, समर्पण एवं देशभक्ति सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई तथा शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कमांडेंट महोदय ने अपने संबोधन में शहीदों के अदम्य साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। इस अवसर पर रोहित त्रिपाठी,उप कमांडेंट ने ग्राम कहरई, जिला आगरा निवासी शहीद स्वर्गीय कौशल किशोर रावत को उनके निवास पर जाकर उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी उपस्थित कार्मिकों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा से कर्तव्य निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नितिन कुमार, कमाण्डेन्ट के साथ राजेश्वर सिंह यादव द्वितीय कमान अधिकारी, विजयालक्ष्मी चौहान,मुख्य चिकित्सा अधिकारी,राजेश कुमार राय,उप कमांडेंट,सहित वाहिनी के समस्त अधिकारीगण एवं बल के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।






