मथुरा।बरसाना के सुदामा चौक को मिली ‘मुक्ति’, सालों पुराना अतिक्रमण ढहा

– लठामार होली से पहले एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी का बड़ा एक्शन, श्रद्धालुओं की सांसें हुईं आसान

देवेन्द्र गोस्वामी,DDU NEWS

मथुरा। विश्वविख्यात लठामार होली से पहले प्रशासन का सबसे बड़ा फोकस इस बार बरसाना के हृदय स्थल सुदामा चौक पर रहा। वर्षों से अतिक्रमण के बोझ तले कराहता यह चौक आखिरकार आधी रात चली जेसीबी की गर्जना के साथ ‘मुक्त’ हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और परिक्रमा मार्ग के दबाव के कारण सुदामा चौक लंबे समय से संकरा हो चुका था। नालियों से बाहर निकले चबूतरे, दुकानों के बढ़े छज्जे, अवैध शोकेस और बाउंड्रीवाल के कारण यहां हर पर्व पर जाम और धक्का मुक्की की स्थिति बनती थी। स्थानीय लोग भी वर्षों से समाधान की मांग कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई टलती रही। शुक्रवार देर रात प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दो किलोमीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें सुदामा चौक केंद्र में रहा। एसडीएम गोवर्धन प्रजाक्ता त्रिपाठी के नेतृत्व में सीओ अनिल कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी डॉ. कल्पना बाजपेयी और थाना प्रभारी अश्वनी कुमार की मौजूदगी में बुलडोजर ने सुदामा चौक से नया बस स्टैंड तक अतिक्रमण पर सीधा प्रहार किया। नगर पंचायत की ओर से पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अनुपालन न होने पर प्रशासन ने कार्रवाई का रास्ता चुना। एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर ट्रॉलियां देर रात तक मलबा हटाने में जुटी रहीं।

————

श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

– सुदामा चौक बरसाना आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख मार्ग है। लठामार होली के दौरान यहां हजारों की भीड़ उमड़ती है। पिछले वर्षों में जाम और अव्यवस्था प्रशासन के लिए चुनौती बनी रही। ऐसे में चौक को अतिक्रमण मुक्त कर प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि इस बार व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। मौके पर मौजूद कई स्थानीय नागरिकों ने एसडीएम प्राजक्ता त्रिपाठी के इस निर्णय की सराहना की और कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान आखिरकार हुआ। एसडीएम प्राजक्ता त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि 20 फरवरी तक अभियान जारी रहेगा, ताकि बरसाना होली से पहले पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित रूप में नजर आए। बरसाना में आधी रात चला यह बुलडोजर अभियान अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि सुदामा चौक की ‘मुक्ति’ के रूप में चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*