रामधुन गाकर की ईडी को सन्मति की प्रार्थना
DDU NEWS

मथुरा। पारिश्रमिक चोरी पर रोक का तंत्र विकसित करने के लिए सेवा सुरक्षा का अनुबंध करने की मांग के लिए आंदोलित मथुरा रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों ने गांधी जयंती के अवसर पर विकास बाजार स्थित सेनानी स्मारक में सत्याग्रह संकल्प दोहराया और रामधुन गाकर कार्यकारी निदेशक मथुरा रिफाइनरी को सद्बुद्धि की प्रार्थना की।पेट्रोलियम वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर संविदा श्रमिक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के लिए एकत्र हुए।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मजदूर नेता शिवदत्त चतुर्वेदी ने महात्मा गांधी के जीवन और संदेशों पर प्रकाश डालते हुए श्रमिकों को बताया कि बापू ने सत्य और अहिंसा का जो रास्ता जगत को दिखाया है और अन्याय के विरुद्ध सत्याग्रह का जो अस्त्र दिया है वह विलक्षण है।मथुरा रिफाइनरी को काले धन की फैक्ट्री बना देने वाली मजदूर विरोधी नीतियों के समाप्त होने तक संघर्ष को जारी रखने का उन्होंने आह्वान किया । यूनियन के यूनिट अध्यक्ष मधुवन दत्त चतुर्वेदी एडवोकेट ने सभा का संचालन करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हमारे प्रकाश स्तंभ हैं और हमें उनके इस कथन पर पूरा भरोसा है कि भद्र तरीकों से भी आप दुनिया हिला सकते हैं।मथुरा रिफाइनरी के संविदा श्रमिकों के शोषण और उत्पीड़न पर रोक के लिए तंत्र विकसित करने में वर्तमान कार्यकारी निदेशक और मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन की कोई तत्परता सामने नहीं आई है यह दुखद है।उन्होंने कहा कि हम आज रिफाइनरी प्रबंधन की बुद्धि शुद्धि और संवेदनाएं जाग्रत करने हेतु प्रार्थना कर रहे हैं।यदि प्रबंधन ने उत्पीड़न और भेदभाव के निराकरण की व्यवस्था नहीं बनाई तो सत्याग्रही आई ओ सी एल मुख्यालय तक जायेंगे । आम आदमी पार्टी के नेता रवि प्रकाश भारद्वाज , यूनियन के उपाध्यक्ष बी एम मेहता, राकेश रावत एडवोकेट।दिनेश कुमार पंडित,पदम सिंह,लक्ष्मण लवानिया और सोहनलाल दीक्षित, कामरेड किशनी,रघुवीर आदि थे।
यूनियन के मंत्री जनक सिंह ने करते हुए बताया कि देश भर के लोकसभा सदस्यों को यूनियन ने पत्र भेजकर मथुरा रिफाइनरी में मजदूरों की स्थिति से अवगत करा दिया है और उनसे हस्तक्षेप की मांग की है।अगले रविवार काराकट से एमपी राजाराम श्रमिकों से संवाद के लिए मथुरा आ रहे हैं।उन्होंने सदन में रिफाइनरी मजदूरों के संबंध में बात रखने का आश्वासन दिया है सभा की अध्यक्षता रिफाइनरी कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष बुंदा खान ने की।






