भरभराकर गिरी छत, मां- बेटी समेत चार घायल
घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, लेखपाल ने जुटाई जानकारी
DDU NEWS

फरह। थाना क्षेत्र के गांव झुड़ावई में शोकग्रस्त परिवार पर आफतों का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार रात जर्जर छत भरभराकर गिर पड़ी मलबे में महिला समेत चार बच्चे दब गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेखपाल ने मौके का निरीक्षण करने के बाद रिपोर्ट प्रशासन को भेजी है।
गांव झुड़ावई निवासी आफीसर का चार दिन पहले निधन हो गया था। परिवार को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी बेटी अनीता अपनी पुत्री कायरा के साथ गांव आई थी।
स्वजन के अनुसार, रविवार रात नौ बजे अनीता अपनी पुत्री कायरा और छोटी बहन शिवानी, पड़ोस की लड़की काजल के साथ छत पर सोने के लिए गई थी। बच्चे छत पर खेल रहे थे, इसी दौरान मकान की पूरी छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी और छत पर मौजूद सभी लोग मलवे के साथ नीचे आ गिरे और मलबे में दब गए और चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े चले आए ।

छत गिरने की जानकारी ग्राम प्रधान प्रताप सिंह राणा ने स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मलवे में दबे लोगों को ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकलवा कर जिला अस्पताल भेजा, जहां चारों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मृत आफीसर के भतीजे जीतू ने बताया कि बरसात की वजह से छत कमजोर हो गई थी, बच्चे उस पर खेल रहे थे, अचानक छत गिर गई और हादसा हो गया। सभी घायल सही हैं। वही जानकारी के बाद क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके का निरीक्षण किया और रिपोर्ट तैयार करके तहसील प्रशासन को भेज दी है।






