सीआइएसएफ ने चलाई पाजिटिव माइंड पहल, मानसिक और स्वास्थ्य जागरुकता को दिया जा रहा प्रशिक्षण

मथुरा।डीके गोस्वामी
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) अपने जवानों को मानसिक रूप से सषक्त बना रहा है। मानसिक स्वास्थ्य सुधार को बल की ओर से अभिनव पहल की जा रही है। जवानों के मानसिक स्वास्थ्य सुधार को पाजिटिव माइंड कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
सीआइएसएफ यूनिट आईओसी के इकाई प्रभारी उप कमांडेंट डा. नीरज भारती ने बताया कि सीआईएसएफ ने अपने 25 हजार से अधिक जवानों के मानसिक स्वास्थ्य सुधार के लिए पॉजिटिव माइंड कार्यक्रम शुरू किया है। यह पहल एडवांटेज बिहेवियरल टेक्नोलाजी (एबीटी) के सहयोग से चल रही है। कार्यक्रम के अंतर्गत जवानों को तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि देशभर में 1726 अधिकारियों और जवानों पर आधारित अध्ययन में पाया गया कि इस पहल से मानसिक स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार हो रहा है। जवानों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सीआइएसएफ द्वारा बहुत ही सराहनीय कदम उठाया गया है।
वहीं, गुरुवार को सीआइएसएफ महानिदेशक रविंद्र सिंह भाटी ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये जवानों को संबोधित किया; कहा कि इस कार्यक्रम से बल के कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, मानसिक तनाव कम होगा और ड्यूटी के दौरान उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। यह पहल आत्महत्या जैसी घटनाओं को रोकने और बल को मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






