सत्य प्रकाश,DDU NEWS

फरह। जाम से जूझने वाला फरह चैराहा बुधवार को साफ नजर आया। लोगों की आंखें जाम देखने को तरस गई। सुबह से शाम तक जाम नहीं लगा, जिससे यातायात सुचारु चलता रहा। लोगों में जाम नहीं लगने की चर्चा बनी रहीं। चैराहे पर पूरे दिन चिल्ल- पौं की आने वाली आवाज गायब रहने से लोग राहत में दिखे। कस्बा का चैराहा सालों से जाम की वजह से जूझता चला आ रहा है। टेंपो वाले आगरा और मथुरा की ओर अंडरपास के दोनों ओर सर्विस मार्ग और सड़क को कब्जाए रहते हैं, जिससे लोगों को कभी- कभी तो पैदल निकलने में ही समस्या आती है। इसी वजह से रोडवेज बस नीचें से निकलने के बजाय अंडरपास के उपर से निकलती हैं।
बुधवार को यह परखम चौराहा कई साल बाद जाम विहीन दिखा। मंगलवार को हाईवे पर चांदी लूट की वारदात होने से पुलिस के अधिकारी सुबह से ही थाने आने लगे। ऐसे में अधिकारी जाम में न फंसे, इसके लिए आगरा- मथुरा की ओर सर्विस लाइन के अलावा चैराहे पर होमगार्ड और पीआरडी जवान तैनात कर दिए गए। घटना को लेकर पुलिस के अधिकारी कस्बा के मध्य में बने थाने में आते रहे और इसी वजह से सुबह से शाम तक जाम नहीं लगा। लोगों में जाम न लगने की चर्चा बनी रही। टेंपो और अन्य वाहनों के नहीं रूकने देने से चैराहे पर चिल्ल- पौं भी नहीं सुनाई दी।






