फरह क्षेत्र के ग्राम पींगरी के जाटव बस्ती में मंगलवार की सुबह उस समय मातम पसर गया जब एक मासूम बच्चे की नींद में ही सांप के काटने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान 7 वर्षीय धीरज पुत्र दिनेश (पिता: इंदर) के रूप में हुई है। परिवारजनों के अनुसार, धीरज सोमवार की शाम को सामान्य रूप से अपने घर में सोया था। सुबह जब परिजनों ने उसे उठाने की कोशिश की तो वह अचेत अवस्था में मिला। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई कि बच्चे की मौत सर्पदंश (सांप के काटने) के कारण हुई है। बताया जा रहा है कि रात्रि में सोते समय बच्चे को सांप ने डंसा था, लेकिन गहरी नींद में होने के कारण वह कुछ बता नहीं सका।

इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। धीरज की मौत से उसके माता-पिता और परिवार गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से व्यथित है। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए और रात के समय जंगली जानवरों व सर्पों से बचाव हेतु पर्याप्त उपाय किए जाएं।






