श्रवण शर्मा,DDU न्यूज़
क्षेत्र के गांव मिर्जापुर ठाकुरान में बीमारी फैलने से ग्रामीण दहशत में हैं। रविवार को बीमारी से एक बालिका की मृत्यु हो गई। सीएमओ ने जानकारी के बाद स्वास्थ्य टीम को गांव दौड़ाया। टीम ने ग्रामीणों की जांच की और दवा बांटी। आधा दर्जन से अधिक बीमार ग्रामीणों के खून के नमूने जांच को लिए गए है।

गांव मिर्जापुर ठाकुरान में कई दिन से बीमारी का प्रकोप चल रहा था। बुखार और अन्य बीमारी से पीड़ित ग्रामीण गांव और आसपास के झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज भी करा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि बुखार से पीड़ित गांव निवासी पवन की आठ साल की बेटी गुंजन की रविवार सुबह मृत्यु हो गई। बालिका की मौत होने की जानकारी होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। प्रधान प्रतिनिधि राजू चैधरी ने इसकी जानकारी सीएमओ को दी। सीएमओ ने फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. रामगोपाल को तत्काल टीम के साथ जाने को कहा। गांव पहुंची टीम ने गांव में बीमार ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की, दवाएं बांटीं। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों के खून के नमूने लिए गए।






