प्राचीन प्रारूप में है बाद गांव से होकर धनगांव का परिक्रमा मार्ग : कारिन्दा सिंह
दिनेश सिंह तरकर , PDU समाचार
मथुरा। वंशी अवतार श्रीहित हरिवंश चन्द्र महाप्रभु की जन्मभूमि श्रीजी मंदिर बाद ग्राम में गोवर्धन विधानसभा के निवर्तमान विधायक ठाकुर कारिन्दा सिंह दर्शन के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने श्रीजी महारानी के दर्शन कर अपने-आपको गौरवान्वित महसूस किया। पूर्व विधायक ने मंदिर प्रांगण में भ्रमण कर श्रीजी मंदिर के महंत दम्पति शरण महाराज से हुई बातचीत में कहा कि मंदिर प्रांगण बहुत ही रमणीक है, बहुत जल्द भक्तजनों को महाप्रभुजी की जन्मभूमि में होकर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा लगाने का पुन: सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा का मार्ग प्राचीन प्रारूप के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिसके लिए जगह-जगह पर लाइट एवं सड़कों की उचित व्यवस्थाएं योगी सरकार द्वारा की जा रही हैं। बाद गांव ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा अंतर्गत है जो कि लोगों द्वारा शार्टकट परिक्रमा करने के चलते पिछले कुछ दशकों से परिक्रमा मार्ग से अलग है, बहुत जल्द बाद ग्राम को प्राचीन प्रारूप के अनुसार ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा में पुन: जोड़ा जा रहा है। वहीं श्रीजी मंदिर बाद ग्राम के महंत दम्पति शरण महाराज ने कहा कि श्रीजी मंदिर बाद ग्राम वंशी अवतार श्रीहित हरिवंश चन्द्र महाप्रभु की जन्मभूमि है, यहां ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के समय वंशी अवतार का प्राकट्योत्सव हुआ है। जो कि राधावल्लभीय संप्रदाय के संप्रदायाचार्य रहे हैं। प्राचीन समय में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा बाद गांव से होकर जाती थी। जो पिछले कुछ दशकों से परिक्रमा शार्टकट के चलते परिक्रमा बाद गांव होकर नही जा रही है। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को प्राचीन प्रारूप के अनुसार पुन: शुरू करने के लिए उच्च अधिकारियों एवं योगी सरकार से आग्रह किया गया है, बहुत जल्द ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा श्रीकृष्ण सरोवर पड़ाव स्थल होते हुए श्रीजी मंदिर बाद ग्राम से धनगांव मार्ग में जुड़ जाएगी। लोगों ने प्राचीन प्रारूप के अनुसार ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा पुन: शुरू होने की सुनकर हर्ष व्यक्त किया है।






