– धोखाधड़ी में फंसा मथुरा का प्रमुख उधोगपति परिवार
– तीन के खिलाफ कराई रिपोर्ट
—————————————-
भरत लाल गोयल, पीड़ियू समाचार
————————————-

मथुरा। शहर के प्रमुख उद्योगपति एवं नामचीन बिल्डर्स देवीदास गर्ग ‘कसेरे’ परिवार जमीनी धोखाधड़ी के मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। देवीदास कसेरे के पौत्र सहित 3 लोगों के खिलाफ कोतवाली मथुरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने एक व्यक्ति से 600 वर्ग गज के प्लाट की कीमत लेने के बाद भी सिर्फ 200 गज के प्लाट का ही बैनामा किया। शेष 400 गज के प्लाट की कीमत को हड़प गए। मुकदमा दर्ज होते ही शहर के प्रमुख व्यापारियों में खलबली मच गई है।
शहर कोतवाली अंतर्गत आनंदधाम कालोनी निवासी रजिस्टर सिंह पुत्र सौदान सिंह ने शहर के प्रमुख उद्योगपति स्व. देवीदास गर्ग ‘कसेरे’ के पौत्र राघव गर्ग पुत्र संतोष गर्ग नरसी अपार्टमेंट कोतवाली, प्रेम कुमार जैन पुत्र नामालूम नरसी अपार्टमेंट कोतवाली एवं प्रेम कुमार अग्रवाल पुत्र रामअवतार निवासीगण नरसी विहार सौंख रोड थाना हाईवे के खिलाफ थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उसने 24 मार्च 2017 को देवीदास गर्ग के डेंपियर नगर स्थित आवास पर सौंख रोड स्थित नरसी बिहार कालोनी में 600 वर्ग गज जमीन फ्रंट पर खरीदे जाने की बातचीत होने के बाद सौदा भी तय हो गया। जमीन की एवज में अलग-अलग चेक के माध्यम से कुल 84 लाख 44 हजार 500 रुपए नरसी अपार्टमेंट मथुरा के नाम से दिए गए। इन चेक का भुगतान भी हो गया। यह सौदा प्रेम कुमार पुत्र रामअवतार द्वारा कराया गया था। भुगतान होने के बाद राघव गर्ग एवं प्रेम कुमार जैन निदेशकगण नरसी अपार्टमेंट प्रा.लि. ने दिलीप चतुर्वेदी से रजिस्टर सिंह के नाम पर 200 गज जमीन का बैनामा करा दिया और सौदे के मुताबित 400 गज जमीन का बैनामा नहीं किया। रजिस्ट्री होने वाली 200 गज जमीन की कुल कीमत 33 लाख 44 हजार 500 रुपए है। इस प्लाट की कीमत काटकर शेष रकम 44 लाख रुपए अभी उक्त लोगों के पास ही है। जिनमें से 11 लाख रजिस्टर सिंह और 37 लाख उसकी पत्नी के हैं। अब बार-बार कहने के बाद भी इन लोगों ने रजिस्टर सिंह के हक में शेष 400 गज जमीन का बैनामा नहीं किया है। न ही अब मांगने पर रुपए वापस किए जा रहे हैं। रजिस्टर सिंह का कहना है कि देवीदास गर्ग की मृत्यु हो चुकी है। इन लोगों का एक संगठित गिरोह है। अब यह धमकियां भी दे रहे हैं। इस संबंध में शहर कोतवाली में राघव गर्ग, प्रेम कुमार जैन और प्रेम कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।






