भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनातनी के बीच पाकिस्तान ने कहा है कि उसके कब्ज़े में सिर्फ़ एक भारतीय पायलट है.
इससे पहले पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने दो भारतीय पायलटों को पकड़ा था जिनमें से एक का इलाज चल रहा है.

पाकिस्तानी सेना ने एक पायलट का वीडियो जारी किया था जबकि दूसरे भारतीय पायलट को सेंट्रल मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराए जाने की बात कही थी.
लेकिन भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की थी कि भारत का एक मिग-21 क्षतिग्रस्त हुआ और एक पायलट लापता है.
दोपहर पाकिस्तान सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा था कि उनके कब्जे में दो भारतीय पायलट हैं लेकिन शाम होते होते उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे में केवल एक ही भारतीय पायलट अभिनंदन हैं.
उन्होंने ट्वीट किया कि केवल एक पायलट ही पाकिस्तानी सेना की हिरासत में हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि विंग कमांडर अभिनंदन के साथ सेना की आचार संहिता के तहत व्यवहार किया जा रहा है.
उधर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार और एयर वाइस मार्शल आर जी के कपूर के साथ पत्रकार वार्ता में कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय सैनिक ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, हमारी सेना तैयार थी इसलिए उनकी कोशिश नाकाम कर दी गई.
“एरियल एनगेजमेंट में मिग-21 बाइसन ने पाकिस्तानी विमान को गिरा दिया, पाकिस्तानी साइड में उनका गिरता हुआ विमान ग्राउंड फोर्सेस ने देखा.”
उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यवश इस इनगेजमेंट में हमारा मिग विमान गिर गया, और पायलट ‘मिसिंग इन एक्शन’ है, पाकिस्तान ने हमारे पायलट के हिरासत में होने का दावा किया है और हम उनके इस दावे की पड़ताल कर रहे हैं.”
रवीश कुमार ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया, एयर वाइस मार्शल कपूर ने पत्रकारों से कुछ नहीं कहा.
इससे पहले, पाकिस्तानी सेना ने एक वीडियो जारी किया था. पाक सेना का दावा है कि ये वीडियो एक भारतीय पायलट का है जिन्हें पाकिस्तानी सीमा के भीतर गिरफ़्तार किया गया है.
वीडियो में भारतीय वायु सेना की वर्दी पहने व्यक्ति की आंखों पर पट्टी बंधी है. यह व्यक्ति ख़ुद को विंग कमांडर बताते हुए अपना नाम अभिनंदन बता रहा है.
इस व्यक्ति की वर्दी में अँग्रेज़ी में उसका नाम लिखा है और यह व्यक्ति अपना सर्विस नंबर भी बता रहा है.
इस वीडियो में यह व्यक्ति सवाल पूछ रहा है क्या वो पाकिस्तान की सेना के कब्जे़ में है.
तस्वीर में दिख रहा ट्वीट पाकिस्तानी सूचना मंत्रालय के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से पोस्ट किया गया था. लेकिन कुछ मिनट बाद इसे हटा दिया गया.
लेकिन पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर दो पायलटों की गिरफ्तारी का दावा किया गया था और उनकी तस्वीरें भी दी गई हैं.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने दूसरे भारतीय पायलट को सेंट्रल मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराए जाने की बात कही है.






