हरेकृष्ण गोयल
-धनगर प्रमाण पत्र मामला

मांट। धनगर जाति के प्रमाण पत्र न बनने पर समाज के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को समाज की दो दर्जन महिलाओं और युवतियों के साथ सैंकड़ों लोगों ने तहसीलदार कार्यालय का घेराव किया। 13 फरवरी को धनगर समाज के लोगों ने तहसील के मुख्य द्वार पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया था। समाज के लोगों का कहना है कि उस वक्त तहसीलदार ने उनके जाति प्रमाण पत्र बनाये जाने का भरोसा दिलाया था। पर उसके बाद भी उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए। सोमवार को इसी से गुस्साए सैंकड़ो लोगों ने तहसील की पार्किंग के सामने धरना प्रदर्शन किया,उसके बाद नारे बाजी करते हुए तहसीलदार कार्यालय का घेराव किया। तहसील में घेराव और प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने प्रमाण पत्रों को निर्गत किये जाने के लिए सरकार की दोहरी नीति की आलोचना करते हुए कहा कि अफसोस की बात है कि सरकार के आदेश को सरकार के अधिकारी ही नहीं मान रहे हैं।और हर बार जांच का भरोसा देकर टाल मटोल कर देते हैं।वक्ताओं ने कहा कि निकटवर्ती जनपदों में धनगर जाति के प्रमाण पत्र जारी हो रहे हैं।एक वक्ता ने कहा कि कई मामले ऐसे भी हैं कि परिवार के मुखिया के काफी समय पूर्व धनगर जाति के प्रमाण पत्र बन चुके हैं,पर अब उनके पाल्यों के नहीं बन रहे हैं।

वक्ताओं ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि कि एक सप्ताह के अंदर प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए तो हिंसक आंदोलन किया जाएगा। तहसीलदार निधि भारद्वाज ने ज्ञापन लेकर उनकी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। तहसीलदार को चूड़ियां पहनाने की थी योजना धनगर समाज की एक दर्जन के करीब महिलाएं हाथों में चूड़ियां लेकर तहसील पहुंची,उन्हें हाथों में उठाकर उन्होंने नारेबाजी भी की,परन्तु तहसीलदार के अवकाश पर होने के कारण उनकी यह योजना सफल न हो सकी। पुलिस ने दिया धारा 144 का हवाला पहले तहसील पार्किंग के बाहर धरना फिर तहसीलदार कार्यालय पर घेराव व माइक लगा कर नारेबाजी कर रहे धनगर समाज के लोगों को देख काफी देर बाद नायब तहसीलदार ने पुलिस को सूचना दी,थाना प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह ने लोगों को धारा 144 लागू होने की जानकारी देते हुए धरने को असंवैधानिक बताते ही लोगों ने माइक हटा दिया। ये रहे मौजूद धरना प्रदर्शन में देवी सिंह धनगर,रनवीर सिंह धनगर,रामप्रसाद,महेश बाबू,देवेंद्र भीम,नीटू, शिवलाल सपा नेता ईसरायल खान,क्षेत्रपाल निषाद,राजू चौधरी,रिंकू चौधरी,रालोद नेता अशोक चौधरी,पुष्पा धनगर,रामवती,भावना धनगर,नीतू धनगर आदि मौजूद थे।






