MANT-अटकलों पर विराम,रुद्रगिरी संभालेंगे गौशाला की कमान

हरेकृष्ण गोयल
-नागा बाबा गौशाला पर हुई महापंचायत

-नागा बाबा हुए पंचतत्व में विलीन

मांट। अनाथ गौशाला के संस्थापक दिगम्बर नागा बाबा के ब्रह्मलीन होने के बाद गौशाला की व्यवस्था श्री शम्भू पंचायती दसनामी अटल अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्रगिरी जी महाराज को सौंप दी गयी है।नागा बाबा ने गुरुवार को देह त्याग कर दी थी। शुक्रवार को पूरे विधि विधान के साथ नागा बाबा को उनके हजारों शिष्य व शुभ चिंतकों की मौजूदगी में भूमि समाधि दी गई।ज्ञातव्य हो कि लम्बे अरसे से इस बात को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही थीं,कि बाबा के बाद उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। कस्बा मांट के नागा बाबा में श्रद्धा रखने वाले लोग हमेशा से यह चाहते रहे हैं,कि गौशाला का संचालन गलत हाथों में न जाए।

इसी को मद्देनजर शुक्रवार को बाबा को समाधि देने के तुरंत बाद महापंचायत का आयोजन किया गया,जिसमें स्थानीय लोगों के अलावा दूर दराज के तमाम लोग व सन्त मौजूद थे।पंचायत में बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उत्तराधिकारी के नाम को लेकर चर्चा  प्रारम्भ हुई, जिसमें अनेक लोगों ने अपने विचार रखे,बाद में सर्व सम्मति से रुद्र गिरी जी महाराज को गौशालाओं की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई। पंचायत में रुद्र गिरी महाराज ने बताया कि वह स्वयं लम्बे समय तक इस गौशाला में गायों की सेवा कर चुके हैं,और नागा बाबा ने 2007 में अपनी पंजिकृत वसीयत में उन्हें उत्तराधिकारी चुना था।रुद्रगिरी महाराज ने बताया कि गौशाला के स्वरूप को औऱ विकसित किया जाएगा,उन्होंने कहा कि मांट की यह गौशाला पंजिकृत है,पर कुछ दस्तावेजों में कमी के कारण पिछले कुछ वर्षों से सरकारी मदद नहीं मिल रही है,प्रयास कर वह व्यवस्था पुनः शुरू कराई जाएगी।उन्होंने घोषणा की,कि बाबा की स्मृति में 22 फरवरी को भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*