राया।आई लव यू ! रही जिंदगी तो फिर मिलेंगे !!”
यह मज़मून है उस छात्र के हाथ पर बंधे रूमाल का, जिसका शव आज कस्बा थाना राया क्षेत्र के गांव अनौड़ा स्थित सत्यदेव इंटर कॉलेज में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार किशोरवय इस छात्र ने प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते फांसी लगाकर खुदकुशी की है जबकि उसकी मां नीतू ने अपने बेटे को लड़की द्वारा बुलाकर उसकी हत्या कराए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृत छात्र का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

समीपवर्ती गांव गढ़ी नंदा के रहने वाले मोहन सिंह का 16 वर्षीय पुत्र अजीत कश्यप इस कॉलेज का हाईस्कूल का छात्र था, जो कल शाम करीब 5 बजे अपने घर से निकलने के बाद से लापता था।
आज सुबह करीब 9:30 बजे गांव की लोगों ने उसका शव कॉलेज में स्थित पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिलने की सूचना पुलिस को दी।मय फोर्स के मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राया हरवेन्द्र कुमार मिश्रा ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर देखा तो उसके हाथ में एक रूमाल बंधा था, जिसमें एक अंगूठी बंधी थी और उस पर दिल का एक निशान भी बना था। साथ ही लिखा था कि “I Love You ! रही ज़िन्दगी तो फिर मिलेंगे !!” मृत छात्र की जेब से उसका मोबाइल भी मिला है।थानाध्यक्ष के अनुसार सीओ महावन प्रबल प्रताप द्वारा भी मौका मुआयना किया गया है और प्रथम दृष्टया यह मामला छात्र द्वारा फांसी लगाए जाने का ही प्रतीत हो रहा है। लेकिन इसके बावजूद जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आएगी तो आगे की कार्यवाही उसी के अनुरूप ही की जाएगी।
वहीं मृत छात्र की मां नीतू ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे को लड़की ने फोन करके बुलाया था और उसकी हत्या करवा दी। कुछ समय पूर्व भी उसे अगवा किया गया था और 5 दिन बाद छोड़ा गया था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पुलिस कॉलेज के प्रिंसिपल सिहोरा (जमुनापार) निवासी श्री गंधार को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई है।






