हरेकृष्ण गोयल
ग्रामीणों ने ढाई घण्टे लगाया जाम

मांट।वृंदावन के आश्रम से सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी कर साइकिल से लौट रहे 48 वर्षीय राजवीर उर्फ राजेन्द्र निवासी नगला दीपा थाना मांट को सोमवार सुबह 7 बजे करीब डांगोली पानीगांव रोड पर सौर गुड्डर गांव के मोड़ पर अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गयी।

हादसा होते ही ग्रमीण मौके पर जुटने लगे। बताया गया है कि राजवीर की सौर गांव में भी रिश्तेदारी होने से यहां के काफी लोग पहुँच गए। और रोड पर कटे हुए पेड़ व आड़े तिरछे वाहन खड़े कर सड़क के बीच मे शव रख कर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि 100 नम्बर पर काल नहीं लगी पुलिस सूचना पर भी नहीं आयी और एम्बुलेंस भी नहीं पहुंची इस से गुस्साए लोगों ने जाम लगाया। बाद में जाम की सूचना पर सीओ सदर राकेश तिवारी के अलावा मांट,राया, जमुनापार व वृन्दावन की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। काफी प्रयासों के बाद ढाई घंटे बाद सीओ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।






