बच्चों ने किया पौधरोपण

सुरेन्द्र चौधरी बलदेव
बलदेव पब्लिक स्कूल में 70 वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय में वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉक्टर अशोक सिकरवार, प्रधानाचार्य डॉ अनीता सी सिकरवार के द्वारा ध्वजारोहण करके मां भारती एवं अमर क्रांतिकारियों के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर किया गया । विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चों के द्वारा देशभक्ति से लवरेज लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। जिसे देख कर पूरे प्रांगण में भारत माता की जयघोष के नारे स्वंय ही लगने लगे। कार्यक्रमों को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे स्वयं ही बॉर्डर पर बच्चे युद्ध कर रहे हो। इस दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी मथुरा द्वारा मैजिक शो का भी आयोजन किया गया। इस शो को मैजिशियन आर के सम्राट ने किया, और बताया कि मैजिक जैसी कोई भी चीज नहीं होती। यह सब हाथों का कमाल होता है। उन्होंने समाज में फैली हुई कुरीतियां जैसे कन्या भूण हत्या, अंधविश्वास, जाति धर्म आदि पर कटाक्ष करते हुए कहा अगर हम इन सब बातों से ऊपर उठ गए तो भारत को कोई भी ऊपर जाने से नहीं रोक सकता। इसके साथ उन्होंने प्रदूषण जैसे मुद्दों से भी विद्यार्थियों को इसके प्रति सचेत किया। विद्यालय परिवार ने स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के नारे को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। और हर वर्ष पेड़ लगाने वाली परंपरा को आगे बढ़ाया और साथ ही बच्चों से कॉलोनियों में प्रेषित पेड़ लगाने का अनुरोध किया । कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉक्टर अशोक सिकरवार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा हम सभी को भारत का नागरिक होने में गर्व है। हम भारतवासी प्रतिवर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रुप में मनाते आ रहे हैं। हर भारतीय के जीवन में यह दिन बहुत महत्व रखता है ।साथ ही सभी से देश के प्रति समर्पित रहने एवं महान क्रांतिकारियों के पद चिन्हों पर चलने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य डा अनिता सी सिकरवार ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम व देश के प्रति ईमानदार रहने का आह्वान किया ।






