MANT-लोकार्पण से पहले ही धँसने लगा फ़ूड स्ट्रीट जोन का पेवर

रिपोर्ट- हरेकृष्ण गोयल
PDU समाचार

मांट। कस्बा के बाजार में विकसित की जा रही फ़ूड स्ट्रीट जोन के निर्माण में मानकों के अनुरूप कार्य न कराए जाने से ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा पेवर अभी से धंस गया है।

एसडीएम व खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रयासों से छाता की तर्ज पर कस्बा में भी बाजार को नया स्वरूप देने के लिहाज से फ़ूड स्ट्रीट जोन विकसित किये जाने की योजना तैयार की गई।एसडीएम के प्रयासों के बाद क्षेत्रीय विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने अपनी निधि से 14 लाख के करीब रुपया भी स्वीकृत कर दिया।

पहले चरण में 200 मीटर सड़क व नाली के बीच पेवर कार्य कराया जा रहा है। पेवर कार्य मे ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी की जा रही है।बस स्टैंड के आस पास पेवर अभी से धँसने लगा है जब कि अभी फ़ूड स्ट्रीट जोन का लोकार्पण भी नहीं हुआ है। ठेकेदार से कस्बा के कुछ व्यापारियों ने इस सम्बंध में चर्चा की तो उसका दो टूक जबाब था कि पेवर ऐसा ही होता है।

पेवर कार्य के जानकार लोगों की मानें तो पेवर कार्य मानक के अनुरूप न होने से ज्यादा से ज्यादा 6 माह में पूरा पेवर धंस जाएगा।ठेकेदार द्वारा कच्ची पीला ईंट को गिट्टी बिछाकर मिट्टी मिली हुई बालू डाल कर ब्लाक बिछाए जा रहे हैं। वैसे तो पेवर में पत्थर की गिट्टी डाली जाने का प्रावधान बताया गया है। एक विभाग के अभियंता ने बताया कि पत्थर की गिट्टी डालने के बाद बालू डस्ट व सीमेंट का मिश्रण डाल कर उसमें पानी डालकर रोलर से कुटाई होनी चाहिए। पर यहां ऐसा कुछ नहीं हो रहा है।

पेवर के प्रयोग में आने वाले सीमेंटेड ब्लाक की टेस्ट रिपोर्ट भी ठेकेदार के पास नहीं है। इस सम्बंध में पूछे जाने पर ठेकेदार लक्ष्मी नारायण पचौरी ने केवल इतना कहा कि वर्क ऑर्डर के हिसाब से काम कराया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*