MANT-गौशाला संस्थापक नागा बाबा को जान का खतरा

भतीजे ने की पुलिस से शिकायत
हरे कृष्ण गोयल
================================

मांट।अनाथ गौशाला के संस्थापक संत दिगंबर नागा बाबा को उनके कार्यकर्ताओं व कुछ भू माफियाओं से जान को खतरा उत्पन्न हो गया है। दिगंबर नागाबाबा के भतीजे सुबोध सिंह ने थाना पुलिस को शिकायत कर यह जानकारी दी है।

नोएडा निवासी सुबोध सिंह ने कहा है,कि नागा बाबा काफी समय से बीमार चल रहे थे, वे ठीक देख व सुन भी नहीं पा रहे थे।अक्टूबर और दिसंबर माह में उनका इलाज नोएडा के अस्पताल में सुबोध की देखरेख में चल रहा था। यहाँ के डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दिखाने के लिए रेफर किया था। मगर उसकी अनुपस्थिति में बाबा का एक तथाकथित सेवक उन्हें माट ले गया।जहाँ उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिल कर बाबा की संपत्ति आदि से सम्बंधित कानूनी कागजात साईन करवाए और तहसील में भी पेश किया। बाद में वे बाबा को दिल्ली न लाकर आगरा के अस्पताल में ले गए।
अलीगढ़ जनपद के लोगों पर लगाया आरोप
सुबोध सिंह की मानें तो उक्त तथाकथित सेवक अलीगढ़ जनपद की खैर तहसील के कुछ लोगों के साथ मिलकर बाबा की करोड़ों रूपये की संपत्ति हड़पना चाहता और कागज तैयार होने में बाद बाबा के साथ कोई अनहोनी होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस से मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है।
करोडों की सम्पत्ति है बाबा के नाम
करीब तीस वर्ष पूर्व दिगम्बर नागा बाबा ने अकेले ही वृंदावन रोड पर एक गौशाला की स्थापना की थी।उसके बाद उनके साथ गौ प्रेमी भक्त जुड़ते चले गए। और बाबा ने एक औऱ गोशाला मांट राजा में बेरु बाबा मंदिर के समीप स्थापित की। उसके बाद कई और भी गौशालाएं बनायीं,वहीं कई स्थानों पर जमीनें भी खरीदीं।वहीं मांट मूला पंचायत क्षेत्र में उन्होंने अपनी एक जमीन दिल्ली की तुलसी संस्था को केंसर हॉस्पिटल के लिए 30 साल के पट्टे पर दी हुई है।
लम्बे समय से बीमार हैं बाबा
करीब 80 वर्षीय नागा बाबा लम्बे समय से कई बीमारियों से पीड़ित हैं। इसके चलते कई लोगों की निगाह बाबा की अकूत सम्पत्ति पर है। इन दिनों बाबा की सेवा के लिए कई लोंगो को उनके आगे पीछे घूमते देखा जा रहा है। माना जाता है कि ऐसे लोगों की निगाह बाबा की संपत्ति पर टिकी हुई है

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*