-36 आटोचालकों को दिया जा रहा अतिथि देवो भव के संस्कारों का प्रशिक्षण
-मथुरा नगरी में आने पर्यटकों को मिल सकेगा अब राहत
पीडीयू समाचार

——————————————
मथुरा। लपका टू आपका नाम से जाना जाने वाला प्रोजेक्ट एसओएस की शुरूआत 15 अगस्त 2014 को आगरा कैण्ट रेलवे स्टेशन के आॅटो चालकों से की गयी। उस दौरान आगरा के आॅटो चालक नजीर अहमद ने एक नजीर भी पेश की। एक सवारी का सवालाख रूपया वापस पहुँचाया जो भूल से उसके आॅटो में भूल गये थे। यहीं से आॅटो चालकों के लिए प्रोजेक्ट एस.ओ.एस. का संचालन शुरू करने का विचार उपजा। इसके तहत पिछले साढे चार सालों में 108 आॅटो चालकों को प्रशिक्षण देने के बाद एच.आई.एम.सी.एस. के निदेशक व इस प्रोजेक्ट के संस्थापक डाॅ॰ नवीन गुप्ता ने विगत शुक्रवार को मथुरा जंक्शन परिसर में विधिवत 36 आॅटो चालकों को प्रशिक्षण देना शुरू किया है। उन्हें ‘‘अतिथि देवो भवः’’ की परम्परा को बताया गया तो यह भी समझाया गया कि प्रेम की नगरी मथुरा की अलग छाप है।
मथुरा नगरी से प्रेम का संदेश अब बाहर से आने वाले जन-जन तक पहुँचाने का कार्य मथुरा के आॅटो चालको द्वारा कुशलता से किया जायेगा। ये सभी आॅटो चालक ब्रज भूमि को साफ-सुथरा रखने में भी अपना सहयोग करेंगे। प्रोजेक्ट का उद्देश्य समाज में ईमानदारी से अपना कार्य करते हुए दूसरों को प्रेरणा देना है, जिससे कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त किया जा सके। यही नहीं, प्रोजेक्ट यातायात व्यवस्था में भी सहयोग प्रदान करेगा।
इस दौरान तम्बाकू निषेध पान मसाला ‘‘विकल्प’’ को आॅटो चालकों में वितरित किया गया जिससे उनकी तम्बाकू खाने की लत से छुटकारा मिल सके। मथुरा से टीम एस.ओ.एस. के सभी नव आगंतुक 36 आॅटो चालकों ने एस.जी.आई. द्वारा शुरू किये गये प्रोजेक्ट एस.ओ.एस. के लिए वाइस चेयरमेन वाई के गुप्ता व संस्थान के निदेशक डाॅ नवीन गुप्ता का आभार व्यक्त किया और इस प्रोजेक्ट में जोड़ने हेतु धन्यवाद दिया। इस मौके पर उन्होने मथुरा शहर में व्याप्त लपका संस्कृति के उन्मूलन में सहयोग देने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु वचन दिया।
इस दौरान संस्थान के प्रो शान्तुन साहू, प्रो विवेक त्रिपाठी व एच आर एक्जेक्टिव ब्रिजेश गुप्ता के साथ-साथ टीम एस.ओ.एस. के आगरा शहर के आॅटो चालक सदस्य भी उपस्थित रहे।






