इस विश्वकप में क्रोएशिया ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया. महज 50 लाख की जनसंख्या वाले इस देश ने फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपनी अलग पहचान बनाई. कप्तान लुका मोड्रिच इस विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाडी चुने गए.
नई दिल्ली: भज्जी के नाम से मशहूर भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने फीफा विश्व कप के बहाने देश की राजनीति पर बड़ा हमला बोला है. क्रोएशिया के फाइनल खेलने को लेकर हरभजन ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि क्रोएशिया फुटबॉल वर्ल्ड कप का फाइनल खेल गया और हम 135 करोड़ भारतीय हिंदू-मुसलमान खेल रहे हैं. कल खेले गए फाइनल में क्रोएशिया को फ्रांस के हाथों हार मिली. लेकिन क्रोएशिया के कड़े संघर्ष की कहनी से लोग प्रभावित हो रहे हैं.

हरभजन ने क्या ट्वीट किया?
हरभजन सिंह ने कल फाइनल के पहले ट्वीट किया, लेकिन निशाने पर देश की राजनीति आ गई. हरभजन ने कहा, ‘’लगभग 50 लाख की आबादी वाला छोटा सा देश क्रोएशिया फुटबॉल वर्ल्ड कप का फाइनल खेलेगा और हम 135 करोड़ भारतीय हिंदू-मुसलमान खेल रहे हैं. सोच बदलो देश बदलेगा.’’
पीएम मोदी ने फ्रांस के साथ क्रोएशिया को भी दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के साथ-साथ क्रोएशिया को भी बधाई दी है. मोदी ने ट्वीट करके कहा है, ‘’एक बेहतरीन मैच! फ्रांस को फीफा वर्ल्ड कप जीतने के लिए बधाई. पूरे टूर्नामेंट खासकर फाइनल में उन्होंने शानदार खेल दिखाया. मैं साथ ही क्रोएशिया की टीम को उनके उत्साह से भरे खेल के लिए बधाई देना चाहता हूं. उन्होंने वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है.’’






