– महिला को इलाज के लिए रामकिशन मिशन में कराया भर्ती
देवेंद्र गोस्वामी प्रधान संपादक, PDU समाचार
मथुरा। शनिवार को पूर्णिमा के अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी, तो वहीं रविवार सुबह भी मंदिर में भारी भीड़ रही। ठाकुर जी के दर्शन करने आए दल में शामिल बल्लभगढ़ की श्रद्धालु महिला बांकेबिहारी मंदिर पर बेहोश हो गईं। मंदिर पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें रामकिशन मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार की सुबह 7ः45 पर दर्शन खुलने से पूर्व ही मंदिर के अंदर और बाहर हजारों भक्तों की भीड़ अपने आराध्य के दर्शन करने की अभिलाषा के साथ पहुंच गई। मंदिर में उमड़ी भीड़ के दबाव को देखकर एक बार तो सुरक्षा में लगे गार्ड और पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। घटना रविवार की सुबह का है। जब आदर्श नगर मलैना रोड बल्लभगढ़ फरीदाबाद से 32 वर्ष श्रद्धालु महिला ममता पत्नी जगन्नाथ पांडे बांके बिहारी मंदिर के दर्शन को अपनी सहेली के साथ आई हुई थी। तभी गेट नंबर तीन से प्रवेश करते हुए ममता का दबाव के चलते दम घुटने लगा और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। आनन फानन में बेहोश हुई ममता को मंदिर तैनात सुरक्षा कर्मियों के द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें वृंदावन के रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। वहीं रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहोश हुई ममता की हालत में सुधार शुरू हो गया। श्री जन्माष्टमी के मौके पर बांके बिहारी मंदिर पर हुई घटना सुर्खियों में रही थी। अभी भी इस मामले की उच्च स्तरीय जांच चल रही है। जिसकी जांच करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंदिर प्रशासन के द्वारा मंदिर में सुचारू व्यवस्था लागू की जानी चाहिए क्योंकि दूरदराज से आए हुए श्रद्धालुओं को जब परेशानियों का सामना करना पड़ता है, तो उससे वृंदावन की छवि प्रभावित होती है। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि बिहारी जी मंदिर में उनका दम नहीं घुट, दर्शन के दौरान उनकी तबीयत खराब हुई तो गेट नम्बर तीन पर उनको पहले बिठा कर पानी पिलाया गया। फिर उनको दिक्कत होने लगी तो गेट नम्बर एक पर उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद वह ठीक होकर चली गईं।






