फरह।देवेन्द्र गोस्वामी

लक्ष्मी नारायण चौधरी, दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री उ०प्र० सरकार ने गोपाष्टमी के अवसर पर दीनदयाल धाम में आयोजित समारोह में कहा कि पूरे देश में ऐसा कोई उदाहरण नही है कि कभी राजकोष से गायों को पाला गया हो। यह उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि पहली बार गौरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने और आज सरकार द्वारा सात लाख गायों के भरण-पोषण का कार्य राजकोष से किया गया है।
PDU समाचार
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गौ संबर्धन और संरक्षण के किए जा रहे कार्यों को बताते हुए कहा कि अब तक लगभग दो सौ वृहद गौशाला संरक्षण केंद्रों का निर्माण किया जा चुका है और साढ़े पांच हजार गौशालाएं बनाई चुकी हैं। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री जी की योजना है जो भी किसान एक से चार गाय हमारी गौशालाओं से लेकर रखना चाहे तो उसके भरण पोषण के लिए सरकार प्रति गाय नौ सौ रुपये की धनराशि गौपालकों को देती है।
लक्ष्मीनारायण चौधरी ने कहा कि वर्तमान में गायों के लिए 520 एंबुलेंस उत्तर प्रदेश में शीघ्र कार्यान्वित होने वाली हैं, जिस तरह से व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था है जैसे ही खबर आती है तत्काल एंबुलेंस लेने पहुंचती है। उसी तरह से एक कॉल सेंटर लखनऊ में बनाया जाएगा। कॉल सेंटर का नंबर मिलते ही 15 मिनट में एंबुलेंस सेवा हर गाय पालन के यहां उपलब्ध होगी। यह योजना जनवरी तक विशेष रूप से लागू हो जाएगी।
PDU समाचार
उन्होंने कहा कि गाय हमारी माता है इसको हिंदुस्तान में पैदा होने वाला सनातन धर्म का हर व्यक्ति मानता है। आज गायों को लेकर जो समस्या पैदा हुई है वह केवल मशीनीकरण की वजह से है। पहले जो खेती का पूरा कार्य बैलों और बछड़ों के द्वारा होता था। अब वह मशीनों से हो रहा है। गाय पालन के महत्व को जनसामान्य में बताने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शंकरलाल अखिल भारतीय संरक्षक गौ सेवा गतिविधि ने कहा कि कोरोना काल में जो भी व्यक्ति देसी गाय के साथ रहे उनमें से किसी को भी कोरोना नही हुआ। गाय पर शोध की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गाय एक चलता- फिरता डॉक्टर है। गौ पालन करने पर जोर देते हुए बताया कि गाय के दूध के सेवन से मानसिक बीमारियां सहित शरीर की अन्य बीमारियां ठीक हो जाती हैं। शंकर लाल ने गाय के दूध, घी, मट्ठा, गोबर और गोमूत्र से विभिन्न बीमारियों के उपचार करने पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गाय माता में अथाह शक्ति है, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। गाय पशु नहीं, बल्कि गाय हमारी माता है।
अजीत महापात्र अखिल भारतीय संयोजक गौ सेवा गतिविधि ने कहा कि गौ सेवा राष्ट्र और जगत की सेवा है, इसलिए गाय को जगत जननी कहा गया है। उन्होंने गौ आधारित पंचगव्य से चिकित्सा करने पर जोर दिया। घर पर प्रतिदिन गाय के घी से अग्निहोत्र करना चाहिए और हर दिन गाय के दूध का प्रयोग करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सूर्यप्रकाश टोंक क्षेत्र संघचालक पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने कहा कि की प्राचीन भारत में ऋषि मुनियों ने जो जीवन शैली स्थापित की थी उस कारण से पूरा विश्व भारत की तरफ देखता था। उसे आज अपनाने की आवश्यकता है, जिससे हम फिर से प्राचीन भारत के गौरव को प्राप्त कर सकें। उन्होंने ऋषि-मुनियों द्वारा दी गई पूर्व की जीवन शैली को पुनर्स्थापित करने पर बल दिया।
श्री कृष्ण चंद्र शास्त्री भागवताचार्य ने कहा कि गाय विश्व की माता है। वेदों में गौ माता के अनंत अर्थ किए गए हैं। यह जगत जननी हैं। इसके रोम-रोम में देवता निवास करते हैं। पहली बार गोपाष्टमी पर भगवान श्री कृष्ण ने गौचारण शुरू किया। जो देसी गाय के दूध का प्रतिदिन सेवन करते हैं उनके शरीर में कभी कोई विकार नहीं होता है। उन्होंने बताया कि गोमूत्र में स्वर्ण पाया जाता है।
डॉ शिवेंद्र कश्यप डीन कृषि महाविद्यालय पंतनगर ने महर्षि पाराशर कृषि ग्रंथ आधारित सिद्धांतों को सभी विश्वविद्यालयों एवं शोध केंद्रों में स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ० हरिराम भदोरिया मंत्री दीनदयाल धाम कामधेनु गौशाला समिति ने समिति द्वारा कराये जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षणार्थी अरिहंत जैन ने प्रशिक्षण के अनुभव व्यक्त किये।
इससे पूर्व गोपाष्टमी के पावन पर्व पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर सेकेंडरी स्कूल में अतिथियों के द्वारा सामूहिक सिद्धि पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात एकल गीत के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
समारोह में महेंद्र शर्मा क्षेत्र प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिम उत्तर प्रदेश, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, आगरा विधायक योगेंद्र उपाध्याय, खैरागढ़ विधायक महेश गोयल, पूर्व मंत्री ठा० जयवीर सिंह, दीनदयाल धाम निदेशक सोनपाल, राजवीर दीक्षित प्रांत प्रमुख ग्राम विकास विभाग, रमाकांत उपाध्याय ब्रज प्रांत संयोजक गौ गतिविधि, डा० रोशन लाल, डॉ० रामबाबू हरित अध्यक्ष एससी- एसटी आयोग, नवीन जैन महापौर आगरा, जनार्दन शर्मा सांसद प्रतिनिधि, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेश महाराज, केईएन राघवन, मुकुल उपाध्याय हाथरस, नरेंद्र पाठक, प्रचार मंत्री मुकेश शर्मा, चेतन स्वरूप पाराशर, विनोद चौधरी, अवधेश उपाध्याय, ठा० महीपाल सिंह, ब्रजमोहन गौड़, लाल सिंह, राम पाठक, निर्मला दीक्षित, सुरेश तरकर, मुकेश कौशिक आदि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन हरेन्द्र सारास्वत एवं प्रमिला राजपूत ने और धन्यवाद ज्ञापन शिवशंकर शर्मा अध्यक्ष दीनदयाल कामधेनु समिति, दीनदयाल धाम ने किया।
——————–
– हवन, गौ पूजन और फार्मेसी मशीनों का किया पूजन
शुक्रवार को गोपाष्टमी एवं प्रशिक्षण के समापन के अवसर पर कामधेनु गौशाला समिति दीनदयाल धाम के तत्वावधान में गौशाला में प्रातः 8 बजे से वेद मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक हवन किया और गायों का पूजन कर गुड़ खिलाया गया। समारोह समापन के बाद सभी आगंतुकों को प्रसाद वितरण समिति की ओर से किया जाएगा। इस अवसर पर गौ उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। दीनदयाल धाम फार्मेसी में अत्याधुनिक मशीनों का पूजन भी किया।






