
Happy Dussehra 2021 : दशहरा यानी विजयदशमी का पर्व इस साल 15 अक्टूबर 2021, शुक्रवार को मनाया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को दशहरा मनाया जाता है। इस साल दशहरा 15 अक्टूबर को है लेकिन कुछ लोग इसे 16 अक्टूबर को भी मना रहे हैं। भारत में मनाए जाने वाले सबसे ज्यादा लोकप्रिय त्योहारों में दशहरा भी एक है। यह एक ऐसा पर्व है जिसे लोग परिवार के साथ मनाना पसंद करते हैं।
उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों से भरपूर यह पर्व देशभर में पूरे धूमधाम से मनाया जाता है। दशहरा पर्व मनाने के पीछे कई महत्वपूर्ण कारण बताए जाते हैं। पौराणिक कथाओ के अनुसार, दशमी तिथि को हो देवी दुर्गा ने महिषासुर नाम के दैत्य का वध किया था। दूसरी और सबसे प्रचलित कथा के अनुसार, भगवान राम ने नवरात्रि के बाद दशमी को ही लंका के राजा राक्षस रावण का वध किया था। तब से इस दिन को विजयदशमी के रूप में मनाया जाता है। महाभारत या कुछ अन्य कथाओं के अनुसार आज के दिन शस्त्र पूजा करने से युद्ध में विजय मिलती है। पांडवों इस दिन शमी नाम के वृक्ष व अपने हथियारों की पूजा की थी। प्रमुख रूप से उत्तर भारत दशहरे के दिन गंगा स्नान और नीलकंड पक्षी के दर्शन को भी बहुत शुभ माना जाता है। कई इलाकों में दशहरे के दिन पान खाने का भी प्रचलन देखने को मिलता है।






