फरह| पंडित दीन दयाल स्मृति महोत्सव में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विविधता में एकता समेटे भारत की तस्वीर रंगोली के माध्यम से छात्राओं ने उकेरी | बेहतर रँग और डिज़ाइन का तालमेल रंगोली को चार चांद लगा रहा था |

छात्राओं ने एक से बढ़ कर एक रंगोली सजाई | वह बात अलग थी कि बरसात ने छात्राओं की मेहनत पर पानी फेर दिया | कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कतारबद्व बनी रंगोली की छटा को निहारा | वे एक रंगोली जिसमे गर्भस्थ बालिका शिशु की जन्म लेने की पुकार को दर्शाया गया था, को देखकर द्रवित हो गई |

उन्होने उस रंगोली को विशेष सराहा | इस मौके पर उन्होने कहा कि पंडितजी के दर्शन का आज दुनियाभर में डंका बज रहा है | उनके विचारों पर चलकर देश और प्रदेश का उत्थान हो सकता है | कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल स्मारक समिति पहुंची और पंडित दीन दयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया | मात्रमंडल की महिलाओं ने राज्यपाल का पुष्पहार व शाल ओढ़ाकर स्वागत किया | इस मौके पर स्मारक समिति के निदेशक सोनपाल, मेला समिति अध्यक्ष अशोक टेटिवाल, डॉ कमल कौशिक, डॉ रोशनलाल, नवीन मित्तल, नारायण पाठक, मनीष गुप्ता आदि रहे |






