हरेकृष्ण गोयल

मांट। राजभाषा हिन्दी के सम्मान में प्रतिवर्ष 14 सितम्बर को मनाये जाने वाले ’हिन्दी दिवस’ के उपलक्ष्य में प्राचार्य डाॅ. मीनाक्षी वाजपेयी द्वारा सोमवार को महाविद्यालय के नवनिर्मित स्मार्ट क्लासरूम में ’हिन्दी सप्ताह समारोह’ का उद्घाटन किया गया।
समारोह के उद्घाटन भाषण में छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डाॅ. मीनाक्षी वाजपेयी ने मातृभाषा को मानवीय भावों की सहज अभिव्यक्ति का एकमात्र एवं अनिवार्य माध्यम बताया तथा सभी से हिन्दी भाषा की व्याकरणिक शुद्धता पर ध्यान देने का आग्रह किया।
उद्घाटन के पश्चात् बी.ए. प्रथम् वर्ष हिन्दी साहित्य के पाठ्यक्रम में सम्मिलित जय शंकर प्रसाद द्वारा रचित नाटक ’ध्रुवस्वामिनी’ की मंचीय प्रस्तुति की फिल्म स्क्रीनिंग भी की गई। इस अवसर पर डाॅ. प्रिया अनिल मित्तल तथा अन्य प्राध्यापकों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन हिन्दी विभागाध्यक्ष और साहित्यिक परिषद् के प्रभारी डाॅ. राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।






