फरह| दखोला के ग्रामीणों का थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर हंगामा करना भारी पड़ गया है | पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है वहीं 20 ग्रामीणों के विरुद्ध अज्ञात में कार्यवाही हुई है | गाँव में करेंट की घटना के बाद दखोला के ग्रामीण विधुत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ बीते दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने आए थे |

वायरल वीडियो में ग्रामीण इंस्पेक्टर के कक्ष में हंगामा कर रहे हैं | सामने इंस्पेक्टर उत्तमचंद पटेल बैठे हैं | ग्रामीण इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा रहे हैं | तभी एक ग्रामीण कुछ पांच सौ के व एक सौ सौ के नोटों की गड्डी फिल्मी अंदाज में उनके आगे टेबल पर डाल देते हैं और हंगामा करते हैं | इंस्पेक्टर उत्तम चंद अपनी कुर्सी से उठ कर बाहर निकल जाते हैं| ख़ुद पुलिस के द्वारा तैयार वीडियो वायरल हो जाता है | प्रकरण उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया | मामले की जांच की गई तो रिश्वत मांगने का कोई आरोप नहीं निकला | अब पुलिस ने हंगामा करने और साजिश करने वाले डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद और 20 के विरुद्ध अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है | इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल ने बताया कि ग्रामीण थाने में हंगामा करने के लिए पूरी योजना के साथ आए थे | दोषी ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उनको जेल भेजा जाएगा |






