Pdu samachar
—————————————-

नई दिल्ली| 60 साल पहले वह एक अच्छे परिवार में पैदा हुई थी| दुर्भाग्य से वह अपने माता-पिता से अलग हो गई| बाद में उन्होंने एक रसोइये से शादी की, जो मरहूम बॉलीवुड स्टार फिरोज खान के यहां काम करते थे| उनके साथ वे पश्चिम बंगाल से मुंबई आ गई| लेकिन उसके बाद उनके परिवार में ‘दरार’ उभरने लगी और इसी के साथ ही जीवन-यापन के लिए उनका संघर्ष भी | साल 2019 में यानी आज वह रानाघाट रेलवे स्टेशन की गायिका रानू मंडल, एक इंटरनेट सनसनी और एक नवोदित बॉलीवुड गायिका है| रानू ने अपने तेजी से बढ़ते फैन बेस के साथ फेसबुक लाइव सेसन खत्म किया था| इसके बाद उन्होंने कहा, “मेरे जीवन की कहानी बहुत लंबी है| मेरे जीवन की कहानी पर एक फिल्म बन सकती है| यह एक खास फिल्म होगी.” महज कुछ ही हफ्तों पहले की बात है, जब उनका एक वीडियो ऑनलाइन वायरल हुआ था| जिसमें वह लता मंगेशकर के सदाबहार गाने ‘एक प्यार का नगमा है’ को रेलवे प्लेटफॉर्म पर गा रही थीं| इस वीडियो पर कई चैनलों और म्यूजिक कंपोजरों का ध्यान गया, जिसमें हिमेश रेशमिया भी शामिल थे, जिन्होंने उन्हें प्लेबैक सिंगर के रूप में बॉलीवुड में लॉन्च करने की पेशकश की| उन्होंने रियलिटी शो ‘सुपरस्टार सिंगर’ के एक एपिसोड की भी रिकार्डिग की| उन्हें अभी सफलता का स्वाद मिल रहा है, लेकिन वायरल वीडियो से पहले उनकी जिन्दगी कुछ और ही थी. वह याद करते हुए कहती हैं, “मैं फुटपाथ पर पैदा नहीं हुई थी. मैं एक अच्छे परिवार से थी, लेकिन यह मेरी नियति थी, जब मैं अपने माता-पिता से केवल छह महीने की उम्र में अलग हो गई.” हालांकि उनकी दादी ने उन्हें पालापोसा, लेकिन उनके लिए जीवन आसान नहीं था.






