संस्कृति और पर्यटन मंत्री चौ लक्ष्मीनारायन ने हरी झंडी दिखाई
———————————–
भरत लाल गोयल, पीड़ियू समाचार
———————————–

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य रुप देने के लिए इस बार प्रदेश सरकार ने काफी आकर्षक प्रयास किए हैं। आज मथुरा में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य एवं आकर्षक रुप देश विदेश तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रमों की श्रंखला में शुक्रवार को श्रीकृष्ण शोभायात्रा निकाली गई। इसमें देश के विभिन्न प्रांतों से आए कलाकारों ने प्रतिभाग किया।
संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण शोभायात्रा शुक्रवार को जन्मभूमि गेट नंबर एक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से निकली। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रदेश के धर्मार्थ एवं संस्कृति पर्यटन मंत्री लक्ष्मीनारायण चैधरी, तीर्थ विकास ट्रस्ट के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, उपाध्यक्ष मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण नागेन्द्र सिंह एवं निदेशक सूचना तथा संस्कृति विभाग शिशिर द्वारा झंडी दिखाकर किया गया। ढोल नगाड़ों के साथ आरंभ हुई शोभायात्रा में देश एवं प्रदेश के विभिन्न कलाकारों ने भाग लिया। शोभायात्रा में उड़ीसा के कलाकारों द्वारा शंखवादन किया गया। उत्तराखंड़, झारखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, केरल, बुंदेलखंड, अवध के लगभग 400 कलाकारों ने भाग लिया। मणिपुर के बच्चों की युद्धकला, बुंदेलखंड का लाठी प्रदर्शन, गुजरात का मेर रास, भोजपुरी का धोबिया, बुन्देलखंड की राई आकर्षण का केन्द्र रहा। कलाकारों द्वारा विभिन्न स्थलों पर अपनी कलाओं का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।






