गोवर्धन के मुरारी कुंज में ईरिक्शा व वाहनों के विरोध में एकजुट लोग बैठक करते हुए

– सैकड़ों लोगों ने मुरारी कुंज में बैठक कर विरोध जताया
– 26 को मुकुंद विनोद गार्डन में महापंचायत होगी
परीक्षित कौशिक
मथुरा/गोवर्धन। प्रशासन द्वारा एनजीटी न्यायालय के आदेश के नाम पर स्थानीय लोगों के वाहन व ईरिक्शाओं को परिक्रमा मार्ग से रोके जाने के विरोध में कस्बा के मुरारी कुंज में बैठक आहुत हुई। बैठक में सैकड़ों लोगों ने 26 अगस्त को परिक्रमा मार्ग के मुकुंद विनोद गार्डन में बड़ी महापंचायत करने का फैसला लिया है। वाहनों के रोके जाने से कस्बा गोवर्धन, राधाकुंड, आन्यौर, जतीपुरा के हजारों लोगों को परेशानी हुई है। स्कूल और कालेज के छात्र-छात्रा परेशान हैं। बस स्टैंड से लेकर डीग अड्डा तक को भी नो व्हीकल जौन घोषित कर दिया है। लोगों का कहना है कि ये यहां की जनता के मूल अधिकारों का हनन है। सार्वजनिक रास्तों पर स्थायी ताले लगा दिये गये हैं। पुलिस दिन-रात उत्पीड़न कर रही है। आखिर यहां रहने वाले लोगों का कसूर क्या है। अब लोग एकजुट होकर अपने हक की आवाज उठाएंगे। इस बैठक में गणेश पहलवान, मनीष लंबरदार, संजू लाल, जुगल पटेल, हेमंत शर्मा, श्याम सुंदर उपाध्याय, भानु शर्मा, केतन सिंह, विकास, भारत शर्मा, एलएन कौशिक, फतेह सिह, लक्ष्मण ठाकुर, बाॅबी शर्मा, संुनील पाठक, गिर्राज ठाकुर, राहुल शर्मा, विजय शर्मा, गौरव कौशिक, कान्हा मुखिया, पंकज बौहरे, भोला राठौर आदि थे।






