दुल्हन सी सज रही कृष्ण की नगरी -1000 कलाकारों द्वारा आज निकाली जाएगी शोभा यात्रा

भरत लाल गोयल, पीड़ियू समाचार
——————————–


मथुरा। धर्म नगरी मथुरा की पवित्र धरा पर एक बार फिर सोलह कलाओं से परिपूर्ण माखनचोर सुदर्शन चक्रधारी योगीराज श्रीकृष्ण जन्म लेंगे। लाखों देशी-विदेशी श्रद्धालु इस अद्भुत अलौकिक और अद्वितीय क्षण के गवाह बनेंगे। चहुंओर हर्षोल्लास छाएगा। मथुरा नगरी को शासन-प्रशासन द्वारा भव्य रुप से सजाया जा रहा है। समूचे शहर में 3 दिन तक भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं।
मथुरा में 24 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। इसे विश्व स्तर पर पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पूरी तैयारियां की जा रही हैं। शहर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है सारा शहर विद्युत रोशनी से जगमगाएगा । गोवर्धन चैराहा, मंडी चैराहा, टाउनशिप तिराहा, गोकुल बैराज मोड़, कृष्णापुरी तिराहा, जयसिंहपुरा, मसानी तिराहा, गोकुल रेस्टोरेंट आदि द्वारों पर भव्य सजावट की जा रही है। शहर के प्रत्येक चैराहा को तोरण, पताका और विद्युत झालरों से सजाया जा रहा है। रामलीला मैदान पर होने वाले प्रमुख कार्यक्रम के लिए महाविद्या कालोनी एवं गोविंद नगर आदि को सुसज्जित रुप दिया जा रहा है। डिवाइडरों की रंगाई पुताई भी की जा रही है। शहर में गंदगी को साफ करने के लिए सफाई कर्मचारी दिन रात एक कर सफाई में लगे हैं |
————————————
*श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम*

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को भव्य रुप देने और विश्व स्तर पर इसे पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस बार मथुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शहर भर में करीब 250 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे | तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 23, 24 और 25 अगस्त को होंगे। इनमें देश विदेश के करीब 1000 कलाकार प्रतिभाग करेंगे। यह अपने आप में एक बड़ा आयोजन माना जा रहा है। इन कार्यक्रमों को संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित कराया जा रहा है। आज करीब 1000 कलाकारों द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी। 24 अगस्त को सायं 3.30 बजे महाविद्या कालोनी स्थित एक रामलीला मैदान में प्रमुख कार्यक्रम दही हांडी आयोजित होगा। दही हांडी के लिए मुंबई की टोली को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सांसद हेमामालिनी एवं प्रदेश के अन्य कैबिनेट मंत्री और विधायक भी उपस्थित रहेंगे। कृष्णावतार का भी प्रदर्शन होगा। वहीं 25 अगस्त को भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा भजनों की सुरमयी प्रस्तुति देंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*