-इस बार सचल दस्ते भी नहीं किए गए गठित
पी डी यू समाचार

मथुरा | डाइट प्रिंसिपल डॉ मुकेश अग्रवाल के टूर पर जाने के बाद डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं रामभरोसे चल रही हैं | हालांकि अव्यवस्थाओं के बीच दो दिन की परीक्षाएं हो चुकी हैं | माना जा रहा है कि कई केंद्रों पर नकल का खेल भी चल रहा है किन्तु नकल रोकने के लिए इस बार सचल दल का ही गठन नहीं किया गया है | आखिर अब नकल को कौन रोके | शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने में महत्ती भूमिका निर्वहन करने वाली डाइट पर जरूरी कार्यों के लिए भी बजट के अभाव का अरण्य विलाप किया जा रहा है | सूत्रों की मानें तो केवल इस लिए सचल दल का इन परीक्षाओं में गठन नहीं किया गया कि वाहनों के लिए बजट की व्यवस्था नहीं थी ¦ यही नहीं जिले में ज्यादातर बीईओ वाहन विहीन है | उनको इन परीक्षाओं में पर्यवेक्षक बनाया गया है | उनको तीन तीन परीक्षा केंद्रों तक का जिम्मा दिया गया है, किंतु वाहन उपलब्ध न होने के कारण उन्होने भी अपने हाथ खड़े कर दिए हैं| ऎसे में परीक्षा की शुचिता पर प्रश्न चिन्ह लगना लाजिमी है |






