– अड़ीग में कानून हाथ में लेकर सिर व दाढ़ी के आधे बाल काटे
– कई गांवों के लोग पहुंचे युवक को सबक सिखाने
परीक्षित कौशिक

मथुरा/गोवर्धन:- लोकतंत्र में कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। फिर भी लोगों ने एक युवक को सजा देने का फरमान स्वयं ही सुना दिया। युवक के सिर व दाढ़ी के आधे बाल काट दिये। इतना ही नहीं युवक को खंभे से बांधकर तरह-तरह की प्रताड़ना दी। सैकड़ों लोगों की भीड़ के आगे किसी नहीं बचाया। घटनास्थल की कुछ दूरी पर बनी चैकी पुलिस को भी भनक नहीं लग सकी। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस पहुंची और युवक को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है उन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इस तरह की घटना से पुलिस अधिकारी भी सकते में हैं। मामला थाना क्षेत्र के ग्राम अड़ीग का है। यहां गुस्साये कथित ठगी के आरोप में लोगों ने एक युवक को खंभे से बांधा और फिर जूते-चप्पल से लेकर डंडे मारकर पिटाई कर दी। लोगों ने युवक के आधे बाल व दाढ़ी काट डाली। सैकड़ों लोग एकत्र होकर युवक को सजा देते रहे लेकिन पुलिस को बाद में भनक लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। गांव अड़ीग निवासी युवक मनोज पुत्र ओमप्रकाश पर आरोप है कि वह गांव के ही रिश्तेदारियों से जुड़े लोगों से अलग-अलग तरीके से ठगी कर रूपये वसूलता है। इस पर बुधवार की सुबह करीब सात बजे लोगों ने उसे पकड़ लिया और कमल मीणा के घर के खंभे से हाथ बांधकर उसकी पिटाई कर दी। लोगों ने उसके आधे बाल व दाढ़ी काट दी। ग्रामीण मेघश्याम ने बताया कि युवक ने जनता को परेशान कर रखा है। अड़ीग के रिश्तेदारियों से जुड़े गांवों से कई-कई हजार रूपये की ठगी कर ली है। सूचना मिलते ही आसपास के गांव व शहरों से रिश्तेदार भी पहुंच गये। अड़ीग चैकी पर तैनात उप निरीक्षक जशपाल सिंह ने युवक को लोगों से छुड़ाया। उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर कार्यवाही की जा रही है। इस मामले में मनोज ने ईशाक, सलमा पत्नी पिंटू निवासी गोविंद नगर मथुरा, भूपेन्द्र पुत्र बनवारी लाल निवासी हाथरस, तारा सिंह व अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
– एसपी क्राइम अशोक कुमार मीणा का कहना है कि लोगों को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इस प्रकार का कृत्य करने वाले लोगों के खिलााफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है। मामला रूपया उधार लेने का बताया गया है।
——————————






