MANT-राया रोड पर ट्रॉली पलटी दो भाइयों की मौत

हरेकृष्ण गोयल

-बहिन की शादी के बाद टेंट का सामान जमा कर लौट रहे थे।

मांट। गुरुवार की दोपहर राया रोड पर गांव भीम के रास्ते मे ट्रेक्टर की ट्राली पलट जाने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी।गांव भीम में वुधवार की रात ग्रामीण ओमप्रकाश की दो बेटियों अनिता व रजनी की शादी थी,बारात रावल गांव से आई थी। रात भर विवाह की सारी रस्में खुशनुमा माहौल में चलती रहीं।सुबह राजी खुशी दोनों बेटियों को विदा किया। कुछ रिश्तेदार विदा होकर जा चुके थे,तो कुछ अभी गांव में ही थे। गुरुवार की दोपहर को ओमप्रकाश का 20 वर्षीय पुत्र सतीश व ओमप्रकाश के साले गढ़ी फौजी आगरा निवासी विजय का 20 वर्षीय पुत्र कुलदीप ट्रैक्टर में टेन्ट का सामान लाद कर उसे वापिस करने मांट आये। यहां सामान जमा करने के बाद ट्रेक्टर से वह गांव वापिस चल दिये।सतीश व कुलदीप ट्राली में बैठे थे,जब कि ट्रेक्टर को गांव का ही लालसिंह चला रहा था। राया रोड पर गांव भीम के लिंक रोड पर मुड़ते ही अचानक ट्रेक्टर का सन्तुलन बिगड़ गया और उसमें लगी ट्राली पलट गई।

ट्राली के नीचे दोनों युवक दब गए,आनन फानन में उन्हें निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांट लाया गया,यहाँ मौजूद चिकित्सकों,डॉ. विकास जैन व डॉ. मानपाल ने सतीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेहद गम्भीर हालात में कुलदीप को सौ शैया अस्पताल वृंदावन को रैफर कर दिया,पर वहां पहुंचने पर कुलदीप ने भी दम तोड़ दिया। एसएसआई दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं।दो घण्टे पहले तक ग्रामीण ओमप्रकाश के घर मे खुशि का माहौल था,परिजन खुश थे कि शादी की सभी रस्में राजी खुशी सम्पन्न हो गईं,पर किसी को नहीं मालूम था कि एक गम तेजी से उनके पीछे दौड़ रहा है। बेटियों ने अभी सुसराल में कदम ही रखा था कि दो भाइयों की मौत ने उन्हें झँझकोर दिया। परिजन अपनी किस्मत को कोस रहे हैं कि उनसे ऐसी क्या भूल हो गयी जो भगवान ने खुशी के बाद इतना बड़ा गम दे डाला। हादसे की जानकारी होते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुचने लगे इससे एक बारगी पुलिस को भी लगा कि कहीं ग्रामीण किसी बात को लेकर उत्तेजित न हो जाएं इसलिए आनन फानन में सतीश के शव के पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर शव को मथुरा भेज दिया,वहीं गांव में ओमप्रकाश के घर सैकड़ों ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में लगे रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*