SHRILANKA-ईस्टर के पूर्व सिलसिलेवार धमाकों से दहला श्रीलंका

-215 लोग मारे गए, 500 से ज्यादा घायल 

पीडि़यू समाचार


ईस्टर के मौके पर सिलसिलेवार आठ बम धमाके हुए,इसमें 207 से ज्यादा लोगों की मौत और 500 से ज्यादा घायल हुए हैं | पड़ोसी देश में आतंकी गतिविधियों से भारत भी चौकन्ना हो गया है | सुषमा स्वराज ने कहा- हम परिस्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बम धमाकों को बर्बरतापूर्ण करार दिया है | भारतीय नागरिकों के लिए विदेश मंत्रालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं | ईस्टर की प्रार्थना के दौरान रविवार सुबह श्रीलंका छह सिलसिलेवार धमाकों और दो आत्मघाती हमलों से दहल उठा। राजधानी कोलंबो के अलावा तटीय शहर नेगेंबो और बट्टिकलोआ में हुए कुल आठ धमाकों में 215 लोगों की मौत हो गई, जबकि 500 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। मरने वाले वालों में महिलाएं, बच्चे और 11 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय लोगों के अलावा भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, मोरक्को और बांग्लादेश के नागरिक भी घायल हुए हैं। 2009 में लिट्टे के खात्मे के बाद श्रीलंका के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
————————
3 चर्च, 3 पांच सितारा होटल और 1 गेस्ट हाउस बना निशाना
————————————-
तीन चर्च, तीन पांच सितारा होटलों और एक गेस्ट हाउस में हुए इन धमाकों की अब तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक की सुई नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) पर है, जो इस्लामिक स्टेट (आईएस) का मॉड्यूल माना जाता है। पुलिस का कहना है कि गेस्ट हाउस और होटल द सिनामोन ग्रांड में हुआ हमला आत्मघाती था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अगले आदेश तक श्रीलंका में शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही सोशल मीडिया को अस्थायी तौर पर बैन कर दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता रूआन गुनासेकरा ने बताया कि पहला विस्फोट कोलंबो के सेंट एंथोनी और इसके बाद नेगेंबो के सेंट सेबेस्टियन चर्च में हुआ। कुछ देर बाद पूर्वी शहर बट्टिकलोआ के एक चर्च में विस्फोट हुआ। चर्च के अलावा कोलंबो के पांच सितारा होटलों शंगरीला, द सिनामोन ग्रांड और द किंग्सबरी को भी निशाना बनाया गया। धमाकों के बाद पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा तमाम एयरपोर्ट, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर मंगलवार तक स्कूल और कालेजों को भी बंद कर दिया गया है|
————————-

बर्बरता बर्दाश्त नहीं, पीएम मोदी ने की मदद की पेशकश
—————————————
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका में हुए बम धमाकों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेना और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे से फोन पर बात की और गहरी संवेदना जताई। पीएम ने कहा कि हमारे क्षेत्र में इस तरह की बर्बरता के लिए कोई स्थान नहीं है। भारत संकट की इस घड़ी में श्रीलंका और वहां के लोगों के साथ खड़ा है। हम श्रीलंका की हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*