हरेकृष्ण गोयल

मांट। मतदान निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए आ रहे अर्ध सैनिक बल के जवानों को ठहरने में कोई दिक्कत न हो इसके पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं,ठहराव स्थलों पर बिजली पानी व टॉयलेट की व्यवस्थाओं को स्थानीय पुलिस द्वारा दुरुस्त कराया जा रहा है। मांट में अर्ध सैनिक बलों की तीन कम्पनियां आ रही हैं,जिसमें कुल 270 के करीब जवान रहेंगें।इनके लिए कस्बा में जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजकीय महाविद्यालय व राया रोड के एक स्कूल को चिन्हित किया गया है। सीओ राकेश व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने तीनों स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा,उन्होंने पाया कि राजकीय महाविद्यालय में टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।इसके लिए उन्होंने मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था का निर्णय लिया,वहीं राजकीय महाविद्यालय से सटे मिनी स्टेडियम के बन्द पड़े टॉयलेट को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिये।वहीं वैकल्पिक व्यवस्था के लिए वृन्दावन रोड पर नितिन कुंज पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मण्डल को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। सीओ ने बताया कि वह नहीं चाहते कि हमारे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आ रहे जवानों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए उच्च अधिकारियों के भी निर्देश हैं।उन्होंने बताया कि शान्तिपूर्वक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए इन बार पिछले लोकसभा चुनाव से अधिक फोर्स मिला है। इस फोर्स के जल्द यहाँ पहुंचने की उम्मीद है।






