– बरसाना में हैड कांस्टेबल का सिर फाड़ छीनी पिस्टल
– गोवर्धन में पुलिसकर्मी को पीटा
मथुरा, (परीक्षित कौशिक):
होली का पर्व खाकी पर कहर बनकर बरपा। थाना बरसाना के सहार गांव के नगला में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ उपद्रवियों ने मारपीट करते हुए हैड कांस्टेबल की पिस्टल छीन ली। घटना के बाद पुलिस ने उपद्रव करने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जिसमें पुलिस ने चार उपद्रवियों को जेल भेज दिया है। मारपीट के दौरान घायल हैड कांस्टेबल व सिपाही जिला अस्पताल में भर्ती है। हैड कांस्टेबल की हालत गम्भीत बतायी जा रही है।

गुरूवार को बरसाना के समीपवर्ती गांव सहार के नगला गाजी में पुरानी रंजिश के चलते महेश पक्ष व धारा पक्ष में झगड़ा हो रहा था। झगड़े की सूचना पर पीआरवी वैन 1906 व 1931 घटना स्थल पर पहुंचे। झगड़ा कर रहे धारा पक्ष के लोगों को जब पुलिस ने रोकना चाहा तो एक राय होकर सभी लोग पुलिस टीम पर टूट पड़े। पुलिस टीम के साथ मारपीट करते हुए हैड कांस्टेबल की पिस्टल छीन ली तथा पीआरवी वैन के शीशे तोड़ दिए। पुलिस टीम के साथ मारपीट की सूचना पर बरसाना सहित आसपास के थानों का पुलिसबल घटना स्थल पर पहुंच गया। उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक धाराओ में मुकदमा दर्ज कराया है। घायल हैड कांस्टेबल सुरेंद्र बाबू, सिपाही सोनू व होमगार्ड धर्मजीत को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हैड कांस्टेबल सुरेन्द्र बाबू की हालत गम्भीर बतायी जा रही है। जिसके बाद पुलिस ने उपद्रव करने वाले धीरज, बलवीर, भूरा, राजेन्द्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी बरसाना रवि त्यागी ने बताया कि उपद्रव करने वाले चार लोगों को जेल भेज दिया गया है। बाकी अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। हैड कास्टेबल अब खतरे से बाहर है। वहीँ थाना गोवर्धन में तैनात एक पुलिसकर्मी को गोवर्धन में एक वाहन को प्रवेश करने से रोकना मंहगा पड़ गया। वाहन स्वामी ने पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। पीड़ित सिपाही ने आरोपी के खिलाफ गोवर्धन थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश पर गोवर्धन में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है। गुरूवार को सौंख अड्डा पर सिपाही विक्की तैनात था। तभी राजस्थान जेल में तैनात पुलिसकर्मी इंद्रजीत निवासी जाटौली जिला भरतपुर अपनी गाड़ी गोवर्धन आया और सौंख अड्डा से अपनी गाड़ी को अंदर प्रवेश करने लगा। तैनात सिपाही विक्की ने गाड़ी को रोक दिया। गाड़ी के प्रवेश को लेकर इंद्रजीत और विक्की में कहासुनी होने लगी। तभी इंद्रजीत ने विक्की की पिटाई कर दी। सूचना पर अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और इंद्रजीत को पकड़कर थाना कार्यालय ले आए। विक्की ने सरकारी कार्य में बाधा, गाड़ी चढाने और मारपीट की तहरीर दी है। थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।






