MANT-सुरीर में पकड़ा सिंथेटिक दूध व पनीर

हरेकृष्ण गोयल,
मांट। हम जिस दूध व पनीर का बड़े स्वाद के साथ सेवन कर रहे हैं वास्तव में वो सिंथेटिक भी हो सकता है,जो हमारे स्वास्थ्य को खतरा पैदा कर सकता है।

इसी तरह के दूध, पनीर के तैयार करने की सूचना काफी दिनों से खाद्य सुरक्षा विभाग के पास आ रही थी। सूचनाओं के आधार पर रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने सुरीर के गांव भदनवारा में राजागढ़ी में छापामार कार्यवाही की। मौके से भारी मात्रा में नकली पनीर बनाने का सामान और मिलावटी दूध बरामद किया है। मथुरा से आये खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस रंजन एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नमूने लेने के बाद करीब एक हजार लीटर  दूध और एक कुंटल पनीर को मौके पर नष्ट करा दिया। इस दौरान एक बोरा सफेद पाउडर  एवं छह पामोलीन ऑइल के टीन मिले हैं जिन्हें सील मोहर कर कब्जे में ले लिया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से चल रही डेयरी पर नकली पनीर तैयार किया जा रहा था। डेयरी संचालक का नाम मनोज कुमार निवासी अहमदपुर है जो मौके पर नहीं मिला है। दूध एवं पनीर समेत चार नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डेयरी पर पनीर बनाने का सामान जब्त कर एक ग्रामीण के सुपुर्दगी में दे दिया है। टीम के साथ सुरीर पुलिस भी थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*