मथुरा | प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के गृह जनपद में बिजली से होने वाले हादसों की संख्या में इजाफा होने की बात सामने आ रही है। बिजली विभाग की लचर कार्यशैली को लेकर पूर्व में भी कई बार लोगों काठ आक्रोश फूट चुका है लेकिन विभाग के अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव करने का नाम नहीं ले रहे है।
शनिवार को थाना हाईवे क्षेत्र के रतनलाल फूल कटोरी देवी स्कूल के समीप बाकलपुर रोड पर बेमौसम हुई बारिश से हुए जलभराव में बिजली के खंभे में आए करेंट से एक भैसे की जहां जान चली गई वहीं एक घोड़ा व उसके स्वामी ने जैसे तैसे कूद कर अपनी जान बचाई। इस संबंध में स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस खंभे में करेंट आने की शिकायत पूर्व में बिजली विभाग के अधिकारी के साथ-साथ पार्षद से भी की गई थी लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि बिजली विभाग को बड़े हादसे का इनतज़ार है।






