यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे थमने का नाम नही ले रहे हैं। अभी दो दिन पूर्व जहाँ 7 लोग काल के गाल में समा गए थे, वहीं देर रात तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गयी और डिवाइडर को तोड़ते हुए अंडरपास पुलिया में जा गिरी।

कार के करीब 20 फुट नीचे गिरने से परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुँची पुलिस और एक्सप्रेस-वे सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के प्रेमनगर चंदन विहार निवासी राजेश कुमार अपनी पत्नी मनोरमा देवी माँ रामवती और दोस्त मनोज तिवारी के साथ एर्टिगा कार से यमुना एक्सप्रेसवे पर होते हुए आगरा से दिल्ली जा रहे थे। बल्देव थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 137 के समीप अचानक कार बेकाबू हो गयी और डिवाइडर तोड़ते हुए 20 फुट नीचे अंडरपास पुलिया में जा गिरी।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें सवार मनोरमा देवी और रामवती की मौके पर मौत हो गई जबकि मनोज और राजेश गम्भीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मांट टोल चौकी प्रभारी शिववीर सिह व एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुँचे और कार को काटकर सभी को बाहर निकाला।






