रिपोर्ट-
अमित उपाध्याय
ब्यूरो चीफ(मंडल प्रभारी)
आगरा
आरोपी सुबह से ही भीड़ में खड़ा होकर पीड़ित परिवार से संवेदना व्यक्त कर रहा था, सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया

आगरा. एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष और भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया की भतीजी उमा कठेरिया को परिवार समेत जलाकर जान से मारने की कोशिश की गई है। बुधवार देर रात रामशंकर कठेरिया के भतीजी के घर में आग लगा दी गई, जिसमें कठेरिया की भतीजी समेत पांच लोग झुलस गए। घर का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

8 महीने का बच्चा भी झुलसा: इस आग में 8 महीने का बच्चा भी झुलस गया। साथ ही परिवार के 4 सदस्य भी झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में पूरा घर जल गया। घर में खड़ी एक कार और दो बाइक भी आग में जल गईं।

आरोपी मौके से ही हुआ गिरफ्तार: सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। जांच में पता चला कि आग लगाने वाला कोई और नहीं बल्कि उमा के पति कुणाल का दोस्त था। वह उससे व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण जलन रखता था। आरोपी घटना के बाद से ही घर के आसपास ही रहा। सीसीटीवी देखते ही पुलिस ने आरोपी को पहचान लिया और मौके से उसको गिरफ्तार कर लिया।






