– नो व्हीकल जोन में ई रिक्शा भी प्रतिबंधित
परीक्षित कौशिक

मथुरा/गोवर्धन:- जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने स्थानीय लोगों के दर्द को समझते हुए बस स्टैंड से डीग अड्डा तक छोटे चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी को हटा दिया, तथा इस क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित करते हुए, गाड़ी खड़ी करने पर भारी भरकम जुर्माना राशि लगाने के आदेश दिए। वहीँ परिक्रमा मार्ग के नो व्हीकल जोन क्षेत्र में ई रिक्शा को भी प्रतिबंधित कर दिया है। बुधवार को जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र और एसडीएम राहुल यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। एसडीएम के निर्देशन में सुबह से ही वन विभाग की टीम के साथ परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटवाए गए। शाम को निरीक्षण में विनोद गार्डन के समीप दुकान के बाहर कुर्सियां लगी मिलीं, जिन्हें जब्त कर दुकानदार को हिरासत में ले लिया। बाकी परिक्रमा मार्ग अस्थाई अतिक्रमण से मुक्त नजर आया। सफाई के नाम पर परिक्रमा मार्ग चमाचम दिखा।

मंदिरों के बाहर गंदगी पर उन्होंने जिला न्यायालय से बात कर बेहतर सफाई कराने की बात कही। मानसीगंगा की सफाई पर एसडीएम राहुल यादव ने जिलाधिकारी को बताया कि फंड पास हो चुका है, एक संस्था द्वारा जल्द सफाई कराई जाएगी। जागरण ने स्थानीय लोगों की समस्या उठाते हुए जिलाधिकारी के समक्ष वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी से आने वाली परेशानियों से अवगत कराया। खाशकर जिस घर में शोक की स्थिति हो, उस समय आने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने बस स्टैंड से डीग अड्डा तक के क्षेत्र में छोटे चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी हटा दी। व्यवस्था न बिगड़े इसका खयाल रखते हुए इस मार्ग पर नो पार्किंग जोन घोषित करते हुए, अधिकारियों से सख्ती से पालन कराने को कहा, तथा वाहन खड़ा होने पर भारी भरकम जुर्माना लगाने की बात कही। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी इन व्यवस्था में सहयोग को कहा। इस मौके पर एसपी देहात आदित्य शुक्ला, सीओ वन ब्रजेश कुमार, थाना प्रभारी लोकेश भाटी, नानक, ब्रजभूषण अवस्थी, पवन कुमार तथा सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।






