–बरेली विधायक की बेटी साक्षी के प्रेम विवाह के बाद खड़ा हो रहा राजनीतिक तूफान
Pdu samachar
बरेली| भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी के प्रेम विवाह का प्रकरण हर दिन या यूं कहें कि हर पहर एक नया मोड़ ले रहा है। प्रेम विवाह, फिर बेटी की सुरक्षा की गुहार, साजिश के साथ ही अब राजनीति ने भी कदम रख दिया।
विधायक राजेश मिश्रा के कथित समर्थक ने सोशल मीडिया पर वॉट्सऐप चैट वायरल कर आग में घी का काम कर दिया। इसमें जिले की ही फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक श्यामबिहारी को सीधे तौर पर इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। चैट का कथित रूप से फरीदपुर विधायक ने भी जवाब दिया और इस चैट को फर्जी करार दिया। देर शाम मामले में उनके प्रतिनिधि ने एसएसपी को तहरीर भी दी है। चैट करने वाला शख्स विकास तिवारी सोशल मीडिया पर खुद को बिथरी विधायक का समर्थक बता रहा है।सात दिन में अजितेश ने बदले 10 मोबाइल

प्रेम विवाह के पीछे की कहानी की परतें भी धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। आरोप है कि अजितेश ने 26 जून से तीन जुलाई के बीच एक-दो नहीं, 10 फोन बदले और सिमकार्ड भी। मुख्यमंत्री के पास पहुंचा मामला! बिथरी चैनपुर से भाजपा विधायक राजेश कुमार उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी के अजितेश से प्रेम विवाह करने का मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है। इसके बाद गहन जानकारी जुटाई जा रही है। मामला जब बरेली से निकलकर दिल्ली और लखनऊ तक पहुंच गया, तब राजेश मिश्र ने अपनी ही पार्टी के दो विधायकों पर साजिश करने का आरोप लगाया । हालांकि, उन्होंने सीधे किसी का नाम नहीं लिया था। इससे पार्टी में खलबली मची हुई है। एक पुराने मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी गौरव अरमान की गिरफ्तारी के बाद बिथरी चैनपुर की राजनीति में हलचल मची हुई है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कई लोगों से इस बारे में जानकारी ली है। इस मामले में अभी जल्द ही कई और परतें खुलेंगी।
गौरव अरमान को भेजा जेल
बीते साल सावन में बिथरी में कांवड़ यात्रा नहीं निकलने देने को लेकर काफी बवाल हुआ था। इसके बाद मुहर्रम के जुलूस को लेकर विवाद हुआ था। बिथरी और कैंट में कई मुकदमे लिखे गए थे। इसमें विधायक पप्पू भरतौल व उनके समर्थकों के खिलाफ भी मुकदमे लिखे गए थे। अब बिथरी से पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी गौरव अरमान को रविवार को जेल भेज दिया गया। गौरव की गिरफ्तारी कैंट और बिथरी के मुकदमों में की गई है। इधर जेल जाते समय गौरव ने कहा कि जिनकी खातिर वह लड़े उन्हीं ने उनको जेल भिजवा दिया।
फर्जी चैटिंग के खिलाफ फरीदपुर विधायक ने दी तहरीर
फर्जी चैटिंग कर बदनाम करने की साजिश रचने वाले के खिलाफ फरीदपुर विधायक ने एसएसपी से शिकायत की है। देर शाम विधायक श्याम बिहारी अपने प्रतिनिधि के साथ एसएसपी के यहां पहुंचे। उन्होंने एसएसपी को स्क्रीन शॉट देते हुए फर्जी चैटिंग करने वाले के खिलाफ तहरीर दी। एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।






