पी डी यू समाचार

मथुरा। जनपद के कस्बा सुरीर के गांव ओहावा में खनन ठेकेदार और ग्रामीणों के बीच हुए झगड़े में पुलिस पर माफियाओं का साथ देने के आरोप लगाया जा रहा है | ठेकेदार के लोगों द्वारा एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उपर्युक्त धाराआें में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। वरन् ठेकेदार के साथ मिलकर ग्रामीणों के खिलाफ ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के विरोध में 23 जून रविवार की दोपहर में गांव ओहावा में भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति द्वारा महापंचायत करने का ऐलान किया है।
ठेकेदार की ओर से इब्राहिम निवासी पुन्हाना हरियाणा ने ग्रामीण संतोष, रामहेत, रामकिशन, सत्यवीर, सतवीर, नेत्रपाल, शीशपाल समेत कई ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। खनन ठेकेदार के लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने की जगह उल्टा ग्रामीणों पर ही मुकदमा दर्ज होने से आसपास के गांवों के लोगों में रोष फैल गया है। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने पुलिस की तानाशाही कार्यशैली के खिलाफ रविवार को गांव ओहावा में महापंचायत का ऐलान करते हुए आसपास के गांव के लोगों से इसमें पहुंचने का अनुरोध किया गया है।
भाकियू लोकशक्ति के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर किरनपाल ने बताया कि थानों में पीड़ितों की आवाज को सुनने के बजाय दबाया जा रहा है। पुलिस द्वारा खुली लूट की जा रही है। माफियाओं को शह दी जा रही है। उच्चाधिकारी भी इस लूट की तरफ से आंखें मूंदे बैठे हैं। यही कारण है कि ओहावा के ग्रामीणों का सुरीर पुलिस द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है। इसके खिलाफ ही रविवार को दोपहर 12 बजे से ओहावा में महापंचायत बुलाई गई है।






