यतेन्द्र तिवारी

नंदगांव। शुक्रवार को नंदगांव के दो साहसी बालकों को जीवन रक्षक पदक प्रदान किया गया। एसडीएम छाता रामदत्तराम एवं केबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने दोनों सगे भाइयों को पुरस्कार प्रदान किया। रामहरी पहलवान के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों बालकों को एक एक लाख रुपये के चैक, जीवन रक्षक पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गए। इससे पहले नंदगांव के ही विश्वेंद्र और सतेंद्र दो बालकों को राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार एवं जीवन रक्षक पदक मिल चुका है। 8 अप्रेल 2017 केा धु्रव लव और माधव लव दोनों सगे भाइयों ने वृंदावन में मध्यप्रदेश के तीन लोगों को यमुना में डूबने से बचाया था। उनके इसी साहसी काम के लिए दोनों भाइयों को जीवन रक्षक पदक के लिए चुना गया है। इसकी सूचना जनवरी माह में गृह मंत्रालय ने पत्र लिखकर इनको दी। वर्ष 2018 के लिए राष्ट्रपति ने 48 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की थी जिनमें मथुरा जनपद के नंदगांव कसबे के दो सगे भाई धु्रव तथा माधव को चुना गया । दोनों किशोरों के मां बाप की मृत्यु कई वर्ष पूर्व हो चुकी है। परिवार में दोनों भाइयों के अलावा एक बहिन है। स्थानीय लोगों ने दोनों भूमिहीन बालकों को जमीन दिलाए जाने की मांग एसडीएम एवं केबिनेट मंत्री प्रतिनिधि से की।






