
जम्मू।जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हो गया है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के तहत आने वाले अकिंनगाम में मुठभेड़ जारी है। इलाके को फिलहाल सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और दोनों तरफ से लगातार फायरिंग जारी है। एनकाउंटर से अलग पुंछ जिले में एलओसी पर लगातार पाकिस्तान सेना की ओर से गोलीबारी जारी है। इस गोलीबारी में तीन नागरिक घायल हैं जिसमें एक 11 वर्षीय बच्ची भी शामिल है। अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि रविवार से ही पाकिस्तान आर्मी लगातार गांवों को निशाना बना रही है। रक्षा प्रवक्ता की ओर से युद्धविराम उल्लंघन पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया, ‘रविवार शाम करीब सात बजकर 30 मिनट पर पाकिस्तान की ओर से फायरिंग शुरू हुई। पाक से सेना ने पहले छोटे हथियारों का प्रयोग किया और फिर मोर्टार से पुंछ सेक्टर में फायरिंग की गई।’ सेना इस फायरिंग का करार जवाब दे रही है। जो बच्ची घायल है, उसका नाम मरियम बी बताया जा रहा है। बच्ची कनोट गांव की रहने वाली है जो एलओसी पर ही है। वहीं रजिया और सेना के पोर्टर अकबर भी घायल हैं जो शाहपुर फॉरवर्ड गांव के रहने वाले हैं। अनंतनाग में ही बुधवार को एक आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें सीआरपीएफ के पांच जवान और जम्मू कश्मीर पुलिस के एसएचओ शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी मुश्ताक अहमद जरगर के आतंकी जगह अल-उमर मुजाहिद्दीन ने ली थी जो पाकिस्तान स्थित एक आतंकी संगठन है। यह हमला अनंतनाग की बिजी केपी रोड पर हुआ था।






