CHANDIGARH-पंजाब भीषण जल संकट से त्रस्त, सीएम अमरिंदर सिंह ने पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार

देवेन्द्र गोस्वामी
प्रधान सम्पादक

चंडीगढ़।पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य में गहराते जल संकट पर मदद मांगी है। अमरिंदर सिंह ने पीएम मोदी से अनुरोध करते हुए कहा कि पंजाब गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है और पानी को लेकर कई राज्यों से विवाद चल रहा है। उन्होंने पीएम मोदी से नदी जल न्यायाधिकरण का गठन करने की मांग की। गौरतलब है कि मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार देश में जल शक्ति मंत्रालय बनाया है।

इससे पहले शनिवार को हुई नीति आयोग की बैठक में भी पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने एक पत्र के माध्यम से अपनी मांगें रखी थीं। इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव करण अवतार सिंह द्वारा पंजाब का प्रतिनिधित्व किया गया। अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्यों के बीच पानी के बंटवारे के विवादों को सुलझाने के लिए नए न्यायाधिकरणों का गठन किया जाना चाहिए।

अमरिंदर सिंह ने कृषि संकट के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने पीएम मोदी से एक बार कर्ज माफी के माध्यम से पीड़ित किसानों को राहत देने की अपील की। अमरिंदर ने केंद्र सरकार से किसान सम्मान निधि योजना के तहत वार्षिक राशि को छह हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने का भी आग्रह किया। एक ओर अमरिंदर सिंह पीएम मोदी से मदद मांग रहे हैं तो वहीं उन पर पाकिस्तान को रोज़ाना 15,000 से 20,000 क्यूसेक पानी देने का आरोप है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*